रोहित के शतक के बाद जडेजा ने मचाया बल्ले से धमाल, टीम इंडिया को मिली बड़ी बढ़त
कप्तान रोहित शर्मा ने पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में शानदार 120 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - Feb 10, 2023 5:42 pm

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला मैच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन में खेला जा रहा है। आज टेस्ट मैच में दूसरे दिन का खेल खेला गया जो पूरी तरह से टीम इंडिया के नाम रहा। दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया 7 विकेट के नुकसान पर 321 रन बना चुकी है। फिलहाल भारत के पास 144 रनों की बढ़त मौजूद है।
भारत ने दिन की शुरुआत 77/1 से की। नाईट वॉचमैन रवि अश्विन और कप्तान रोहित शर्मा ने शुरुआती एक घंटे में संभलकर बल्लेबाजी की और ऐसा लग रहा था कि दोनों के बीच एक बड़ी साझेदारी देखने को मिलगी। लेकिन 118 के स्कोर भारत को दूसरा झटका लगा जब अश्विन 23 रनों की पारी खेलकर आउट हुए।
रोहित शर्मा ने जड़ा शानदार शतक
इसके बाद बल्लेबाजी करने के लिए आए भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा भी कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह लंच ब्रेक तक भारत का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 151 रन हो गया था। तब तक विराट और रोहित टीम इंडिया की तरफ से क्रीज पर मौजूद थे।
लंच के बाद दूसरे सत्र की शुरुआत टीम इंडिया के लिए अच्छी नहीं रही। लंच के बाद पहली ही गेंद पर विराट कोहली एक खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। वहीं अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे सूर्यकुमार यादव भी बल्ले से कुछ अधिक योगदान नहीं दे पाए और 8 रन बनाकर चलते बने। जहां एक छोर से टीम इंडिया लगातार विकेट गंवा रही थी, वहीं दूसरे छोर से रोहित शर्मा आराम से बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने देखते ही देखते एक और शतक पूरा कर लिया। चाय ब्रेक तक टीम इंडिया पांच विकेट के नुकसान पर 226 रन बना चुकी थी।
अक्षर और जडेजा ने खेली शानदार पारी
तीसरे सत्र में भारत ने सबसे पहले सेट बल्लेबाज रोहित शर्मा का विकेट गंवाया, वो 120 रन बनाकर कमिंस की गेंद पर बोल्ड हुए। इसके बाद डेब्यूडेंट श्रीकर भरत भी 8 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा ने पारी को संभाला और दोनों ही बल्लेबाजों ने अपना-अपना अर्धशतक पूरा किया। दिन का खेल खत्म होने तक जडेजा और अक्षर के बीच नाबाद 81 रनों की साझेदारी हो चुकी है और टेस्ट मैच के तीसरे दिन ये दोनों बल्लेबाज इस बढ़त को और बड़ा बनाने की कोशिश करेंगे।