IPL 2022 सीजन के लिए गत-विजेता चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी नई जर्सी से उठाया पर्दा
चेन्नई सुपर किंग्स की नई जर्सी में कोई अधिक बदलाव देखने को नहीं मिले हैं।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Mar 23, 2022 3:10 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 सीजन की शुरुआत 26 मार्च से होगी जिसमें सीजन का पहला मुकाबला गत-विजेता चेन्नई सुपर किंग्स और पिछले सीजन की उप-विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी ने भी आगामी सीजन को लेकर अपनी नई जर्सी से पर्दा उठा दिया है।
इस नई जर्सी को काफी शानदार तरीके से एक वीडियो के जरिए लॉन्च किया गया है, जिसमें रुतुराज गायकवाड़, रवींद्र जडेजा और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी शामिल हैं। इस नई जर्सी में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला है, टीम के पारम्परिक रंग यलो को बरकरार रखा गया है। वहीं कॉलर के पास की पट्टी को जरूर थोड़ा सा अलग तरीके से दिखाया गया है।
वहीं इस नई जर्सी में चेन्नई सुपर किंग्स के नए टाइटल स्पॉन्सर टीवीएस यूरोग्रिप टायर्स का लोगो बीच में जरूर दिखाया गया है। इसके अलावा इंडियन सीमेंट्स और गल्फ इंजन ऑयल का भी लोगो टीम की इस नई जर्सी में देखने को मिलेगा।
यहां पर देखिए चेन्नई सुपर किंग्स टीम की नई जर्सी
Unveiling with Yellove! 💛
Here’s a 👀 at our new threads in partnership with @TVSEurogrip! 🥳#TATAIPL #WhistlePodu 🦁 pic.twitter.com/pWioHTJ1vd— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) March 23, 2022
चेन्नई की नजर अपने 5वें IPL खिताब को जीतने पर
दूसरी टीमों के मुकाबले चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में अधिक बदलाव देखने को नहीं मिले हैं। वहीं ऐसा ही कुछ चेन्नई की स्क्वाड देखकर भी कहा जा सकता है, जहां पर वह मेगा ऑक्शन होने के बावजूद अपने कई अहम खिलाड़ियों को एकबार फिर से टीम में शामिल करने में कामयाब हो सके। अभी तक 4 IPL खिताब अपने नाम कर चुकी चेन्नई सुपर किंग्स की नजर इस बार 5वें खिताब को जीतने पर नजरें होंगी।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम इस बार सीजन की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच के साथ करेगी। वहीं टीम में कुछ नए खिलाड़ियों को लेकर बात की जाए तो उसमें डीवोन कॉन्वे और क्रिस जॉर्डन के नाम शामिल हैं।
IPL 2022 सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स की पूरी स्क्वाड देखिए:
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), रवींद्र जडेजा, मोईन अली, रुतुराज गायकवाड़, रॉबिन उथप्पा, ड्वेन ब्रावो, अंबाती रायडू, दीपक चाहर, केएम आसिफ, तुषार देशपांडे, शिवम दुबे, महीश तीक्ष्णा, राजवर्धन हेंगारगेकर, सिमरजीत सिंह, डीवोन कॉन्वे, ड्वेन प्रिटोरियस, मिचेल सेंटनर, एडम मिल्ने, शुभ्रांशु सेनापति, मुकेश चौधरी, प्रशांत सोलंकी, सी हरी निशांत, एन. जगदीशन, क्रिस जॉर्डन, के भगत वर्मा।