बहुत ही कम गेंदबाज हैं जो अंतिम ओवरों में सधी हुई गेंदबाजी करते हैं और हर्षल पटेल उनमें से एक हैं: माइक हेसन - क्रिकट्रैकर हिंदी

बहुत ही कम गेंदबाज हैं जो अंतिम ओवरों में सधी हुई गेंदबाजी करते हैं और हर्षल पटेल उनमें से एक हैं: माइक हेसन

हर्षल पटेल ने लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में बेहतरीन गेंदबाजी की थी और अपनी टीम को जीत दिलाई थी।

Mike Hesson
Mike Hesson. (Photo by Hagen Hopkins/Getty Images)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का प्रदर्शन काफी धमाकेदार रहा है। उनके इसी प्रदर्शन की बदौलत टीम अब क्वालिफायर-2 तक पहुंच चुकी हैं। अब बस उनको 27 मई को होने वाले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) को मात देनी है और उसके बाद वो फाइनल में प्रवेश कर जाएगी।

बता दें, 25 मई को हुए एलिमिनेटर मुकाबले में RCB ने लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) को 14 रनों से मात दी। रजत पाटीदार की शतकीय पारी और उसके बाद हर्षल पटेल, जोश हेजलवुड और वानिंदु हसरंगा की घातक गेंदबाजी की बदौलत टीम ने क्वालिफायर-2 में प्रवेश कर लिया।

टीम के लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के बाद RCB के क्रिकेट संचालन निदेशक माइक हेसन ने बताया कि इस सीजन में किन खिलाड़ियों का प्रदर्शन उनको बेहतरीन लगा है। गेंदबाजी की बात की जाए तो हेसन को जोश हेजलवुड और वानिंदु हसरंगा का प्रदर्शन काफी अच्छा लगा है।

हेसन ने RCB बोल्ड डायरीज के एक एपिसोड में कहा कि, बीच के ओवरों में वानिंदु हसरंगा ने कमाल की गेंदबाजी की है। उन्होंने टीम के लिए काफी विकेट चटकाए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि, अगर आपको दूसरी टीम को कम स्कोर में रोकना है तो बीच के ओवरों में अच्छी गेंदबाजी करनी चाहिए और लगातार विकेट चटकाने होंगे जो हसरंगा ने टीम के लिए कर के दिखाया है। जोश हेजलवुड भी अनुभवी गेंदबाज है और उन्होंने अपना अनुभव इस सीजन में दिखाया है। उन्होंने हमारे लिए बड़े खिलाड़ियों को आउट किया है। यही नहीं उन्होंने अंतिम ओवरों में भी सधी हुई गेंदबाजी भी की है।

हर्षल पटेल ने भी अंतिम ओवरों में कमाल की गेंदबाजी की है: माइक हेसन

हर्षल पटेल ने पिछले सीजन में 32 विकेट अपने नाम किए थे लेकिन इस बार अभी तक उन्होंने 19 विकेट ही हासिल किए हैं। हालांकि अपने दम पर पटेल ने RCB को कई मुकाबले जिताकर दिए हैं। लखनऊ के खिलाफ भी पटेल ने धमाकेदार गेंदबाजी की थी और अपनी टीम को जीत दिलाई थी।

हेसन ने कहा कि, हमे मालूम था कि हर्षल हमारे लिए इस सीजन में सबसे महत्वपूर्ण गेंदबाज होंगे और उन्होंने यह साबित किया है। वो हमेशा विरोधी टीम के ऊपर दबाव डालते हैं और साथ ही विकेट्स भी चटकाते हैं। उनको अंतिम ओवरों में गेंदबाजी करना पसंद है। बहुत ही कम गेंदबाज हैं जो अंतिम ओवरों में सधी हुई गेंदबाजी करते हैं और हर्षल उनमें से एक हैं।

उन्होंने आगे कहा कि, स्पिन डिपार्टमेंट में ग्लेन मैक्सवेल और शाहबाज अहमद ने कमाल की गेंदबाजी की है। मैक्सवेल ने कई बार पावरप्ले में भी गेंदबाजी की है और विरोधी टीम को रोकने में सक्षम रहे हैं। उन्होंने अपना अनुभव दिखाया है। शाहबाज ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन किया है और टीम को जीत दिलाई है।

close whatsapp