IPL 2023: चोट के बाद मैदान में वापसी कर ऋतुराज गायकवाड़ ने गाड़े झंडे, हार्दिक पांड्या भी हुए दीवाने
गुजरात टाइटंस के खिलाफ ऋतुराज गायकवाड़ ने 92 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - अप्रैल 1, 2023 8:43 अपराह्न

भारतीय युवा खिलाड़ी ऋतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल 2023 के पहले ही मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर सीजन के लिए अपनी मंशा साफ कर दी है। आपको बता दें साल 2021 में जब चेन्नई सुपर किंग्स ने चौथी बार आईपीएल के खिताब पर कब्जा किया था। उस सीजन ऋतुराज गायकवाड़ ने कई दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ ऑरेंज कैप अपने नाम किया था।
पिछले सीजन ऋतुराज गायकवाड़ फॉर्म से थोड़े जूझते हुए नजर आए थे। लेकिन इस सीजन पहले ही मैच से ऋतु का राज चलना शुरू हो गया है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ ऋतुराज गायकवाड़ ने 50 गेंदो में 4 चौके और 9 छक्कों की मदद से 92 रनों की पारी खेली। जिसके बाद गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या भी ऋतुराज की तारीफ करने से अपने आप को रोक नहीं पाए।
आईपीएल 2023 में नए अंदाज में नजर आए ऋतुराज गायकवाड़
आईपीएल के 16वें सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ अपने पिछले सीजन से कुछ नया करते हुए नजर आए हैं। पावरप्ले में ऋतुराज गायकवाड़ का स्ट्राइक रेट 112.80 है। आईपीएल 2020 के शुरूआती तीन मुकाबलों में ऋतुराज ने (0,5,0) 2021 में (5,5,10) और 2022 में (0,1,1) की पारी खेली थी।
चोट के चलते ऋतुराज गायकवाड़ पिछले दो महीने से क्रिकेट के मैदान से बाहर थे। चोट के बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार वापसी की है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ ऋतुराज गायकवाड़ पूरी तकनीक के साथ खेलते हुए नजर आए।
वह भविष्य में भारतीय क्रिकेट के लिए कमाल करेंगे- हार्दिक पांड्या
ऋतुराज की बल्लेबाजी के आगे गुजरात के गेंदबाज बेबस नजर आए, जिसे हार्दिक पांड्या ने कबूल किया। हार्दिक पांड्या ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन पर बात करते हुए कहा, ‘हमारे लिए यह ढूंढ पाना मुश्किल हो रहा था कि ऋतुराज को हम किस लाइन लेंथ पर गेंदबाजी करें। मुझे सच में लग रहा था कि आज हम उसे आउट कर ही नहीं पाएंगे।’
हार्दिक पांड्या ने आगे कहा, ‘कुछ गेंदो पर उन्होंने जो शॉट खेले वह गेंदे बुरी नहीं थी। वह अच्छी गेंदों पर भी शानदार खेल रहे थे। अगर वो इसी तरह से बल्लेबाजी करते रहे तो वह भारतीय क्रिकेट के लिए कारनामे करके दिखाएंगे। मुझे यकीन है कि जब समय आएगा भारतीय टीम भी उसका पर्याप्त समर्थन करेगी।’