IPL 2023 शुरू होने से पहले बढ़ी RCB की टेंशन, जोश हेजलवुड और ग्लेन मैक्सवेल हो सकते हैं बाहर!
आईपीएल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पहला मुकाबला 2 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के साथ खेलेगी।
अद्यतन - मार्च 30, 2023 1:31 अपराह्न

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर आईपीएल के पिछले तीन सीजन से प्लेऑफ में क्वालिफाई करते हुए नजर आई है। लेकिन टीम अब तक ट्रॉफी जीत पाने में असफल रही है। विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद फाफ डु प्लेसिस ने टीम की कमान संभाली। फाफ डु प्लेसिस के नेतृत्व में RCB का पिछला सीजन सफल रहा था।
इस बार RCB वापस से ट्रॉफी जीतने के लिए सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाते हुए नजर आएगी। आईपीएल का 16वां सीजन 31 मार्च से शुरू हो रहा है। इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर अपना पहला मुकाबला 2 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के साथ चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। लेकिन सीजन शुरू होने से पहले ही RCB की मुसीबतें बढ़ गई है। क्योंकि स्टार खिलाड़ी जोश हेजलवुड और ग्लेन मैक्सवेल इस वक्त चोटिल है।
जोश हेजलवुड हो सकते हैं पूरे सीजन से बाहर
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी जोश हेजलवुड लंबे समय से चोट से जूझ रहे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के दौरान हेजलवुड चोटिल हो गए थे। जिसके चलते वह भारत के खिलाफ टेस्ट व वनडे सीरीज से भी बाहर थे।
जोश हेजलवुड इस वक्त ऑस्ट्रेलिया में हैं और रिकवर कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड ने आईपीएल के पहले हॉफ में जोश हेजलवुड के हिस्सा ना बनने को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी कर दी है। लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जोश हेजलवुड आईपीएल के पूरे सीजन से ही बाहर हो सकते हैं।
वहीं बात ग्लेन मैक्सवेल की करें तो टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के अंत में ग्लेन मैक्सवेल चोटिल हो गए थे। तब से ही वह एक्शन से बाहर है। चोटिल रहने के चलते ग्लेन मैक्सवेल को बिग बैश लीग से बाहर होना पड़ा था। मैक्सवेल बिग बैश लीग के अलावा भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए थे।
ग्लेन मैक्सवेल RCB कैंप का हिस्सा है वह इस वक्त फिटनेस रिगेन करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले पहले मैच से ग्लेन मैक्सवेल बाहर हो सकते हैं। इसी के साथ श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसरंगा भी आईपीएल के शुरूआती मुकाबलों से बाहर रहेंगे। श्रीलंका इस वक्त न्यूजीलैंड दौरे पर हैं, 8 अप्रैल को दौरा खत्म करने के बाद वानिंदु हसरंगा RCB कैंप से जुडेंगे।