जानिए विराट कोहली की चर्चित प्रतिक्रिया पर सूर्यकुमार यादव ने क्या कहा
सूर्यकुमार यादव ने हांगकांग के खिलाफ नाबाद 68 रनों की तूफानी पारी खेली।
अद्यतन - Sep 1, 2022 12:37 pm

भारत ने 31 अगस्त को जारी एशिया कप 2022 में अपने दूसरे ग्रुप मैच में हांगकांग को 40 रनों से मात देकर सुपर फोर स्टेज के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस मैच में सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया के लिए हीरो रहे, और उन्हें उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सूर्यकुमार यादव ने हांगकांग के खिलाफ मात्र 26 गेंदों में 6 चौको और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 68 रनों की तूफानी पारी खेली, और साथ ही विराट कोहली (59*) के साथ नाबाद 98 रनों की साझेदारी करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम को अपने 20 ओवरों में 192 रनों का स्कोर खड़ा करने में मदद की। जिसके जवाब में हांगकांग क्रिकेट टीम केवल 152 रन बना पाई, और यह मुकाबला 40 रनों से हार गई।
विराट कोहली के साथ बल्लेबाजी करके बहुत मजा आया: सूर्यकुमार यादव
इस बीच, सूर्यकुमार यादव की तूफानी पारी के समापन के बाद विराट कोहली ने डगआउट में वापस जाते उनके आगे सिर झुकाकर उनका अभिवादन किया, और साथ ही उन्हें उनसे आगे चलने का मौका भी दिया, ताकि सारा फोकस मुंबई के बल्लेबाज पर रहे। अब स्टार बल्लेबाज ने पूर्व भारतीय कप्तान के इस दिल को छू लेने वाली प्रतिक्रिया को लेकर बात की, और बताया उनके जैसे अनुभवी बल्लेबाज के साथ बल्लेबाजी करने से चीजें काफी आसान हो जाती है।
सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा: “यह विराट कोहली का दिल को छू लेने वाला भाव था, क्योंकि मैंने इससे पहले उन्हें ऐसी प्रतिक्रिया देते हुए कभी नहीं देखा था। मैं सोच रहा था कि वह आगे क्यों नहीं चल रहे हैं और फिर जब मुझे एहसास हुआ कि वह मुझसे पीछे हैं, तो मैंने उनसे एक-साथ चलने के लिए कहा, क्योंकि वह मुझसे कहीं ज्यादा अनुभवी हैं। विराट के पास बहुत ज्यादा अनुभव है, और मुझे उनके साथ बल्लेबाजी करने में बहुत मजा आया। हांगकांग के खिलाफ जैसी स्थिति थी, वहां किसी अनुभव बल्लेबाज का होना जरूरी था, क्योंकि मैंने अभी तक इतने ज्यादा मैच नहीं खेले हैं।
इस मैच में हालात ऐसे थे कि मुझे क्रीज पर जाकर तेज खेलना पड़ा, क्योंकि शुरुआत में विकेट थोड़ा धीमा था। मैंने विराट कोहली से बात की, और उन्होंने कहा, ‘बस अपने आप को व्यक्त करो और जैसे बल्लेबाजी करते हो, वैसे ही करो’। मेरी योजना भी बहुत स्पष्ट थी, इसलिए यह मजेदार अनुभव था।”