IPL 2024: एक बार फिर जसप्रीत बुमराह की घातक यॉर्कर ने स्टंप्स को किया चकनाचूर, PBKS के बल्लेबाज भी रह गए दंग
इस महत्वपूर्ण मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 192 रन बनाए।
अद्यतन - Apr 18, 2024 11:10 pm

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का शानदार मुकाबला इस समय पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच चंडीगढ़ में खेला जा रहा है। इस महत्वपूर्ण मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 192 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की ओर से टीम के बल्लेबाजों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया।
हालांकि, लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत काफी निराशाजनक रही और टीम ने 7 ओवर के भीतर ही 49 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए हैं। इस मैच में मुंबई इंडियंस के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने काफी अच्छी गेंदबाजी की और पंजाब किंग्स के राइली रूसो को एक रन पर वापस पवेलियन भेजा। जसप्रीत बुमराह की यॉर्कर का राइली रूसो के पास कोई जवाब नहीं था।
बता दें, पंजाब किंग्स की पारी का दूसरा ओवर लेकर आए जसप्रीत बुमराह ने राइली रूसो को बेहतरीन यॉर्कर फेंकी और उनके तीनों ही स्टंप्स बिखेर दिए। यह राइली रूसो का आईपीएल 2024 का पहला मैच था। धुआंधार बल्लेबाज मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे और एक रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए।
यही नहीं जसप्रीत बुमराह ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर पंजाब किंग्स के कप्तान सैम करन को भी अपना शिकार बनाया। मुंबई इंडियंस ने इस मैच में अपनी पकड़ बनाई हुई है। पंजाब किंग्स को यह मैच जीतने के लिए 20 ओवर में 193 रनों की जरूरत है।
WHAT. A. BALL! 🎯
That's a beaut of a delivery from @Jaspritbumrah93 to dismiss Rilee Rossouw ☝️
Watch the match LIVE on @StarSportsIndia and @JioCinema 💻📱#TATAIPL | #PBKSvMI pic.twitter.com/Lqk4vxUuss
— IndianPremierLeague (@IPL) April 18, 2024
पंजाब किंग्स को मैच जीतने के लिए 193 रनों की जरूरत
मुंबई इंडियंस की शुरुआत इस मैच में काफी खराब रही और ईशान किशन 8 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 81 रन जोड़े। जहां एक तरफ रोहित शर्मा ने 25 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 36 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, वहीं सूर्यकुमार यादव ने 53 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 78 रनों की तूफानी पारी खेली।
सूर्यकुमार यादव ने पंजाब किंग्स के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ कड़ा प्रहार किया। सूर्यकुमार यादव के अलावा तिलक वर्मा ने भी काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 18 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 34* रनों की नाबाद पारी खेली। हार्दिक पांड्या ने 10 रनों का योगदान दिया, जबकि टिम डेविड ने 14 रन बनाए।
पंजाब किंग्स की ओर से हर्षल पटेल ने चार ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि कप्तान सैम करन ने चार ओवर में 41 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। एक विकेट कगिसो रबाडा ने लिया।