जसप्रीत बुमराह सेलिब्रेशन

‘कुछ नहीं बस मुझे ऐसा लगा तो मैंने कर दिया’- अपने स्पेशल सेलिब्रेशन को लेकर बोले बुमराह

अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट अपने नाम किए।

Jasprit Bumrah & Marcus Rashford (Photo Source: Getty Images)
Jasprit Bumrah & Marcus Rashford (Photo Source: Getty Images)

टीम इंडिया ने बुधवार को दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड कप 2023 का दूसरा मैच खेला। इस मैच में भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अफगानिस्तान के पहले बल्लेबाजी करने के फैसले को पूरी तरह से गलत साबित किया। उन्होंने सातवें ओवर में ही इब्राहिम जादरान को आउट कर पवेलियन भेजा और फिर उन्होंने खास तरह से विकेट लेने का जश्न मनाया।

दरअसल, जसप्रीत बुमराह ने इब्राहम जादरान को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। जादरान को आउट करने के बाद बुमराह ने अपने सिर पर अंगुली रखकर जश्न मनाया। बता दें कि बुमराह ने जिस अंदाज में जश्न मनाया, वह फुटबॉलर मार्कस रैशफोर्ड का सिग्नेचर स्टेप है। बुमराह ने उनकी नकल की। दरअसल मार्कस रैशफोर्ड भी गोल करने के बाद सिर पर अंगुली रखकर जश्न मनाते हैं। बुमराह ने भी विकेट लेने के बाद रैशफोर्ड को कॉपी करते हुए जश्न मनाया।

अपने स्पेशल सेलिब्रेशन को लेकर जसप्रीत बुमराह ने दिया बड़ा बयान

अब मैच के बाद बुमराह ने अपने उस स्पेशल सेलिब्रेशन को लेकर बड़ा बयान दिया है। इसी क्रम में मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब बुमराह से मैनचेस्टर यूनाइटेड के स्टार फुटबॉलर के जश्न की नकल करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ये सब अचानक से हुआ। बुमराह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, ‘ऐसा कुछ नहीं है। मुझे बस ऐसा लगा, इसलिए मैंने ऐसा किया।’

उन्होंने इसको लेकर पहले से कुछ भी नहीं सोचा था। बता दें कि भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी एक फुटबॉलर के सिग्नेचर स्टेप को कॉपी करते हैं। सिराज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को कॉपी करते हैं। सिराह विकेट लेने के बाद दोनों हाथ फैलाकर हवा में उछलकर जश्न बनाते हैं। वैसा ही जैसा गोल करने के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो जश्न मनाते हैं।

गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह ने अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में 10 ओवरों में 39 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने इब्राहिम जादरान, मोहम्मद नबी, नजीबुल्लाह और राशिद खान का विकेट लिए। अफगानिस्तान ने इस मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए 272 रन बनाए। बुमराह के साथ-साथ हार्दिक पांड्या ने भी दो विकेट लिए। उन्होंने गुरबाज और अजमतुल्लाह को आउट किया।

यह भी पढ़ें: लगता है विराट अब नवीन को Dinner पर लेकर जाएंगे

close whatsapp