जोश इंग्लिस ने 43 गेंद में पूरा किया शतक, एरोन फिंच के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए रचा इतिहास
जोश ऑस्ट्रेलिया के सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
अद्यतन - सितम्बर 7, 2024 3:27 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने शुक्रवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के दौरान तूफानी शतक लगाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वो अब ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ 43 गेंदों में शतक पूरा किया। इसी के साथ जोश ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरोन फिंच का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2013 में 47 गेंदों में शतक पूरा किया था।
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी-20 मैच में जोश इंग्लिस की शतकीय पारी के बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 196 रन बनाए। उन्होंने 49 गेंद में 103 रनों की पारी खेली। अपनी पारी के दौरान जोश ने सात छक्के और इतने ही चौके लगाए। जोश का टी-20 इंटरनेशनल में ये दूसरा शतक है। उन्होंने ग्रीन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 92 रन जोड़े। इससे पहले, उनका पहला टी20 शतक भारत के खिलाफ आया था।
जोश इंग्लिस ने अपने नाम किया बड़ा रिकॉर्ड
वहीं टी-20 में ये इंग्लिस का चौथा टी20 शतक है। उनके नाम 17 अर्धशतक भी हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में अब तक 29 से ज्यादा की औसत से 3211 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 147 से अधिक है। इस शतक के साथ ही इंग्लिस दो या उससे अधिक टी20 इंटरनेशनल सेंचुरी लगाने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज हैं। उन्होंने एरोन फिंच की बराबरी की। ग्लेन मैक्सवेल के नाम सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड है और उन्होंने पांच शतक जड़े हैं।
टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे तेज शतक
43 गेंदें: जोश इंग्लिस (2024)
47 गेंदें: आरोन फिंच (2013)
47 गेंदें: जोश इंग्लिस (2023)
47 गेंदें: ग्लेन मैक्सवेल (2023)
49 गेंदें: ग्लेन मैक्सवेल (2016)
जोश इंग्लिस ने इस मैच में मैदान पर आते ही रौद्र रूप धारण कर लिया और अपना अर्धशतक सिर्फ 20 गेंदों पर पूरा किया। उन्होंने अपना अर्धशतक इस मैच में छक्का लगाकर पूरा किया। इसके बाद भी उनकी तूफानी बल्लेबाजी जारी रही और जोश ने अपना शतक मात्र 43 गेंदों पर पूरा कर लिया। उन्होंने लगातार दो छक्के जड़ते हुए शतक बनाया। जोश ने इस मैच में 49 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेली और इस दौरान 7 छक्के और 7 चौके लगाए।