जून 19- Morning न्यूज हेडलाइंस: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - Jun 19, 2023 9:21 am

1. मोईन अली पर पहले एशेज 2023 टेस्ट के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 25% जुर्माना लगा
इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर मोईन अली पर बर्मिंघम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान ICC की आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा, दिग्गज क्रिकेटर के खाते में 1 डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
2. जेम्स एंडरसन ने पहले एशेज 2023 टेस्ट के दौरान रेड बॉल क्रिकेट में रचा इतिहास
इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने पहले एशेज 2023 टेस्ट के तीसरे दिन एलेक्स कैरी का विकेट लेकर रेड-बॉल क्रिकेट में बड़ा कीर्तिमान हासिल किया है। दरअसल, एंडरसन ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 1100 विकेट पूरे कर लिए हैं, वहीं उन्हें अब 700 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने के लिए केवल 15 विकेट चाहिए हैं। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
3. वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद अब इस विदेशी टीम के लिए खेलेंगे अजिंक्य रहाणे
भारतीय क्रिकेट टीम अगले महीने वेस्टइंडीज दौरे पर जाने वाली है। वेस्टइंडीज दौरे के बाद अजिंक्य रहाणे इंग्लैंड के लिए रवाना होंगे, जहां वह काउंटी चैंपियनशिप 2023 में इंग्लिश काउंटी टीम लीसेस्टरशर की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
4. बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज के लिए अफगानिस्तान टीम में हुई राशिद खान की वापसी, नूर अहमद को नहीं मिली जगह
अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच 5 जुलाई से तीन मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी, जिसके लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। स्टार स्पिनर राशिद खान बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज के साथ मैदान में वापसी कर रहे हैं, तो वहीं नूर अहमद को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
5. टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी कभी हुआ करते थे दोस्त अब केवल सहयोगी रह गए हैं: अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही में सभी को चौंकाते हुए कहा है कि टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी पहले दोस्त हुआ करते थे, लेकिन अब सिर्फ सहयोगी हैं। अश्विन ने आगे कहा भारतीय टीम में अब पहले जैसा माहौल नहीं रहा है, अब कोई भी किसी की मदद के लिए दिलचस्प नहीं होता है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
6. फादर्स डे पर क्रिकेटर्स हुए इमोशनल, सचिन तेंदुलकर समेत कई प्लेयर्स के पोस्ट हुए वायरल
18 जून 2023 को दुनिया भर में फादर्स डे मनाया गया, और इस मौके पर क्रिकेटरों ने अपने-अपने पिता को याद करते हुए उनका दिन खास बनाने की कोशिश की। कई स्टार क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया पर दिल जीत लेने वाली पोस्ट के साथ फादर्स डे पर अपने पिता को बधाई दी, जिनमें सचिन तेंदुलकर से लेकर शुभमन गिल और केएल राहुल शामिल हैं। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
7. क्या इंग्लैंड ने कर दी है 400 रनों के भीतर पहली पारी घोषित कर बड़ी गलती?
इंग्लैंड ने जो रूट के शतक के बदौलत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी पहले एशेज 2023 टेस्ट में अपनी पहली पारी 393/8 घोषित कर दी। जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने शानदार वापसी करते हुए उस्मान ख्वाजा के शतक, ट्रैविस हेड और एलेक्स कैरी के अर्धशतकों के बदौलत पहली पारी में 386 रन बना लिए।
फिर मेजबान इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने दूसरी पारी में केवल 27 रनों पर दो विकेट खो दिए हैं, और अब बड़ी मुसीबत में नजर आ रही है, क्योंकि वे इस समय ऑस्ट्रेलिया से केवल 35 रनों से आगे चल रहे हैं। अगर इंग्लैंड को यह मैच जीतना है, तो अब उन्हें तगड़ी बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी करनी होगी।
8. वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे ने शानदार जीत के साथ CWC 2023 क्वालीफायर की शुरुआत की
जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग एर्विन ने नाबाद 121 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को नेपाल के खिलाफ आठ विकेट की जीत दर्ज करने में मदद की, और इसी के साथ उन्होंने आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 क्वालीफायर में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। वहीं जेसन होल्डर, शाई होप, जॉनसन चार्ल्स और रोस्टन चेज सभी ने मिलकर वेस्टइंडीज को ताकाशिंगा स्पोर्ट्स में यूएसए के खिलाफ 39 रनों की जीत दिलाई।
9. बांग्लादेश ने अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज के लिए किया टीम का ऐलान
बांग्लादेश ने अफगानिस्तान के खिलाफ दो मैचों की T20I सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज के दो T20I मैच 14 और 16 को खेले जाएंगे। बांग्लादेश ने अपने T20I स्क्वॉड में कप्तान शाकिब अल हसन, लिटन दास, रोनी तालुकदार, नजमुल हुसैन शान्तो, तौहीद हिरदॉय, शमीम हुसैन, मेहदी हसन मिराज, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, हसन महमूद, तस्किन अहमद, एबादत हुसैन, शोरफुल इस्लाम, रिशाद हुसैन, और अफीफ हुसैन है।
10. BCCI ने आगामी घरेलू क्रिकेट सीजन 2023-24 का शेड्यूल जारी किया
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी घरेलू क्रिकेट सीजन 2023-24 का शेड्यूल जारी कर दिया है। घरेलू सीजन की शुरुआत 28 जून से 16 जुलाई तक दलीप ट्रॉफी के साथ होगी, इसके बाद 24 जुलाई से 4 अगस्त तक देवधर ट्रॉफी खेली जाएगी। ईरानी कप 1-5 अक्टूबर तक खेला जाना है। सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी 16 अक्टूबर से 6 नवंबर तक और विजय हजारे ट्रॉफी 23 नवंबर से 15 दिसंबर तक खेली जाएगी। अंत में रणजी ट्रॉफी 5 जनवरी, 2024 से शुरू होगी, और 70 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का समापन 14 मार्च को होगा।