हैट्रिक लेने के बाद भी हार-जीत का रोना रो रहे हैं कार्तिक मयप्पन!
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में पहली हैट्रिक लेकर कार्तिक मयप्पन काफी खुश हैं।
अद्यतन - अक्टूबर 19, 2022 12:32 अपराह्न

भारतीय मूल के चेन्नई में जन्मे कार्तिक मयप्पन ने मंगलवार 18 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप में 2022 में यूएई के तरफ से हैट्रिक लेकर तहलका मचा दिया है। हालांकि उनके इस हैट्रिक लेने के बाद भी यूएई को श्रीलंका के खिलाफ छठे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है।
ऐतिहासिक हैट्रिक लेने के बाद उन्होंने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में मीडिया से बात करते हुए काफी कुछ कहा। वहीं इस मैच का हाल बताएं तो यूएई और श्रीलंका के बीच यह मुकाबला साइमंड्स स्टेडियम, ज़िलोंग में खेला गया। मैच में यूएई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया और श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाए।
श्रीलंका ने दर्ज की बड़ी जीत
यूएई की तरफ से मिडिल ऑर्डर में कार्तिक मयप्पन ने हैट्रिक लेकर श्रीलंका की कमर तोड़ दी, उन्होंने 15वें ओवर की चौथी, पांचवी और छठी गेंद पर क्रमशः भानुका राजपक्षे (5), चरित असलंका (0) और दशुन शनाका (0) को आउट किया। इसके बाद श्रीलंका बड़ा स्कोर बनाने में असफल रही और यूएई के सामने जीत के लिए 20 ओवरों में 153 रनों का लक्ष्य रखा। श्रीलंका की तरफ से सबसे ज्यादा 74 रन पथुम निसंका ने बनाए।
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की पूरी टीम 17.1 ओवर में 73 रनों पर ऑल आउट हो गई और मुकाबले में श्रीलंका ने 79 रनों से बड़ी जीत दर्ज की, इस हार के बाद यूएई की सुपर 12 में पहुँचने की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। हालांकि इस हार के बाद मैच में सुर्खियां बटोरने वाले कार्तिक ने कहा है कि ‘हम अभी भी पूरी तरह बाहर नहीं हुए हैं और तीसरे मुकाबले में जोर लगाते हुए नजर आएंगे।’
A dominating win! Sri Lanka beat UAE by 79 runs. 👊#SLvUAE #RoaringForGlory #T20WorldCup pic.twitter.com/yF5GsKOfuQ
— Sri Lanka Cricket 🇱🇰 (@OfficialSLC) October 18, 2022
हैट्रिक लेने के बाद मयप्पन ने क्या कहा ?
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में मीडिया से बात करते हुए कार्तिक मयप्पन ने कहा ‘हम अभी भी बाहर नहीं हुए हैं, फैक्ट यह है कि मुझे टी-20 विश्व कप में हैट्रिक मिली और ऐसा करने वाला पहला मैं यूएई का पहला गेंदबाज हूँ। वाकई यह गर्व का पल है, अद्भुत। लेकिन यह और अच्छा होता अगर हम मैच जीत जाते हैं। इसके बाद सुपर 12 में पहुंचने में मुश्किल होगी।’ इसके बाद उन्होंने कहा ‘हम आगे बढ़ते हुए भारत में होने वाले वर्ल्ड कप 2023 के लिए तैयारी करेंगे’
हैट्रिक पर सवाल पूछने पर कार्तिक ने बताया कि, “राजपक्षे के खिलाफ सबसे पहले, मुझे लगा कि उनके लिए लेंथ साइड एक लंबी बाउंड्री थी। मैंने सोचा कि वह मुझे वहां नीचे हिट करने की कोशिश करेंगे क्योंकि मुझे लगता है कि वह पांच में से पांच हिट लगा सकते हैं, कुछ ऐसा ही। मैंने उन्हें गेंद डाली और उन्होंने कोशिश की और वह आउट हो गए। इसके बाद मैदान पर चरित आए उनके लिए मेरे पास कोई प्लान नहीं था मैंने सिंपल गुगली बॉल डाली और वह कैच आउट हो गए। इसके बाद जब कप्तान दशुन शनाका आए तो उन्हें भी गुगली डाली और मुझे विकेट मिला।”