भारतीय क्रिकेट टीम के अगले हेड फिजियो बन सकते हैं कमलेश जैन
कमलेश जैन काफी समय से कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ें हुए हैं।
अद्यतन - May 18, 2022 1:43 pm

कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के मौजूदा फिजियो कमलेश जैन भारतीय क्रिकेट टीम के हेड फिजियो बनने की रेस में सबसे आगे हैं। कुछ खबरों की माने तो जैन एक इंटरव्यू के दौरान हेड कोच राहुल द्रविड़, बीसीसीआई सचिव जय शाह और एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को प्रभावित करने में कामयाब रहे। जैन जो मुझी रूप से चेन्नई के निवासी हैं उन्हें इस बात की जानकारी दे दी गई लेकिन आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान होना बाकी है।
भारत क्रिकेट टीम के पूर्व हेड फिजियो नितिन पटेल अगस्त 2019 से इस पद पर कार्यरत थे, लेकिन अब उन्होंने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए), बेंगलुरु में खेल विज्ञान और खेल चिकित्सा के प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया है। बता दें कि जैन 2012 से कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ जुड़े हुए हैं, और माना जा रहा है कि वही नितिन पटेल की जगह लेंगे।
जैन 2020 तक एंड्रयू लीपस के अंदर में केकेआर में सहायक फिजियो की भूमिका निभा रहे थे और उसके बाद उन्हें हेड फिजियो की भूमिका दी गई। योगेश परमार जिन्होंने भारतीय टीम में नितिन पटेल के साथ काम किया था वो अब इस भूमिका में कमलेश जैन की मदद करेंगे।
मौजूदा आईपीएल 2022 संस्करण के खत्म होने के बाद कमलेश जैन भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे। आने वाले समय में टीम इंडिया को एक के बाद एक कई सीरीज खेलनी है जिस वजह से टीम को विभिन्न प्रारूपों के लिए कई फिजियो की जरूरत होगी।
भारत जून में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगा
भारत 9 जून से अपने ही घर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज खेलेगा और यह टीम इंडिया के बतौर हेड फिजियो के रूप में कमलेश जैन का पहला असाइनमेंट होगा। इसी बीच केकेआर के एक अधिकारी ने क्रिकबज के हवाले से कहा कि, “हम कमलेश जैन के लिए बहुत खुश हैं। वह पूरी तरह से इस पद के लिए योग्य हैं।”
केकेआर के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने भी खुलासा किया था कि, वह मौजूदा सत्र के बाद हेड कोच की भूमिका को छोड़ देंगे। उन्हें हाल ही में इंग्लैंड की टेस्ट टीम का कोच नियुक्त किया गया है और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज के साथ अपने काम को शुरू करेंगे जिसकी शुरुआत 2 जून से लॉर्ड्स स्टेडियम में होगी।