एलएलसी 2022, मैच 11 रिव्यु: क्रिस गेल की तूफानी पारी गई जाया, पठान बंधुओं ने भीलवाड़ा किंग्स को दिलाई रोमांचक जीत - क्रिकट्रैकर हिंदी

एलएलसी 2022, मैच 11 रिव्यु: क्रिस गेल की तूफानी पारी गई जाया, पठान बंधुओं ने भीलवाड़ा किंग्स को दिलाई रोमांचक जीत

युसूफ पठान को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Bhilwara Kings (Image Source: LLC/Twitter)
Bhilwara Kings (Image Source: LLC/Twitter)

भीलवाड़ा किंग्स और गुजरात जायंट्स के बीच 30 सितंबर को जोधपुर के बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में खेले गए जारी लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2022 (एलएलसी 2022) के 11वें मैच में पठान बंधुओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को पांच विकेट की रोमांचक जीत दिलाई।

इस मैच में युसूफ पठान ने दो विकेट चटकाएं और 39 रनों की पारी खेली और भीलवाड़ा किंग्स को एलएलसी 2022 के 11वें मैच में गुजरात जायंट्स पर दो गेंदे शेष रहते ही पांच विकेट से जीत दिला दी, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ भीलवाड़ा किंग्स ने प्लेऑफ के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

भीलवाड़ा किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो काफी हद तक सही साबित हुआ, लेकिन क्रिस गेल की 40 गेंदों में 68 रनों की तूफानी पारी ने उनके लिए थोड़ी मुश्किलें खड़ी कर दी थी। खैर, जेसल करिया ने भीलवाड़ा किंग्स को लेंडल सिमंस (22) के रूप में पहली सफलता दिलाई, जिसके बाद युसूफ पठान ने पार्थिव पटेल (1) और केविन ओ’ब्रायन (4) को छटे ओवर में चलता कर गुजरात जायंट्स की कमर तोड़ दी।

क्रिस गेल की तूफानी पारी गई जाया, पठान बंधुओं की हुई जीत

जिसके बाद क्रिस गेल चौकों और छक्कों की बारिश कर गुजरात टीम को मैच वापस ले आए। वेस्टइंडीज के दिग्गज ने अपनी तूफानी पारी में नौ चौके और तीन छक्के लगाए, और साथ ही यशपाल सिंह (37 गेंदों में 58 रन) के साथ 70 रनों की साझेदारी करते हुए गुजरात जायंट्स को 20 ओवरों में 186 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में मदद की, जहां थिसारा परेरा ने 19 रनों का योगदान दिया। भीलवाड़ा किंग्स के लिए सर्वाधिक दो विकेट युसूफ पठान ने लिए, बाकि शेन वॉटसन, श्रीसंत, सुदीप त्यागी और जेसल करिया को एक-एक सफलता मिली।

जीत के लिए 187 रनों का पीछा करते हुए विलियम पोर्टरफील्ड (40) और मोर्ने वैन वीक (26) ने 36 गेंदों में 57 रनों की साझेदारी करते हुए भीलवाड़ा किंग्स को शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन मिशेल मैक्लेनाघन और अशोक डिंडा ने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट लेकर गुजरात जायंट्स को शुरुआत सफलता दिलाई। जिसके बाद ग्रीम स्वान ने शेन वॉटसन (1) और निक कॉम्पटन (3) को चलता कर भीलवाड़ा किंग्स की पारी को पटरी से बाहर उतार दिया।

लेकिन फिर स्टार ऑलराउंडर युसूफ पठान ने एक चौके और चार छक्कों की मदद से 18 गेंदों में 39 रनों की पारी खेली और साथ ही जेसल करिया (39) के साथ 47 रनों की साझेदारी करते हुए भीलवाड़ा किंग्स की मैच में शानदार वापसी कराई। अंत में कप्तान इरफान पठान ने 14 गेंदों में नाबाद 26 रनों की पारी खेली और साथ ही करिया के साथ नाबाद 44 रनों की साझेदारी करते हुए भीलवाड़ा किंग्स को दो गेंदे शेष रहते ही लक्ष्य के पार पहुंचा दिया।

close whatsapp