IPL 2023 में बेन स्टोक्स लखनऊ सुपर जाइंट्स की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे: रविचंद्रन अश्विन
लखनऊ सुपर जाइंट्स बेन स्टोक्स को अपने दल में जरूर शामिल करना चाहेगी: रविचंद्रन अश्विन
अद्यतन - दिसम्बर 4, 2022 8:36 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 2023 सत्र का मिनी ऑक्शन इसी साल दिसंबर में कोच्चि में होगा। इस नीलामी में तमाम खिलाड़ियों के ऊपर बोली लगाई जाएगी। इनमें से एक हैं इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर बेन स्टोक्स। भारत के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बेन स्टोक्स के IPL भविष्य को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है।
बता दें, हाल ही में संपन्न हुए टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल मुकाबले में बेन स्टोक्स ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले तो बेहतरीन गेंदबाजी की और उसके बाद शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेल अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने तमाम दर्शकों का दिल जीत लिया।
भारत के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि बेन स्टोक्स को लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) अपने दल में शामिल करने के लिए काफी इच्छुक होगी। बता दें, लखनऊ फ्रेंचाइजी ने आगामी सत्र से पहले जेसन होल्डर को अपने दल से बाहर कर दिया था और इसी वजह से वो स्टोक्स को आगामी सत्र में टीम में शामिल कर सकते हैं।
अश्विन ने अपनी यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘ लखनऊ सुपर जाइंट्स बेन स्टोक्स को अपने दल में जरूर शामिल करना चाहेगी। उनकी पहली पसंद इंग्लैंड ऑलराउंडर होंगे और उसके बाद ही वह बाकी खिलाड़ियों को अपने दल में शामिल करेगी।’
CSK को लेकर रविचंद्रन अश्विन ने दिया बड़ा बयान
रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) फ्रेंचाइजी सैम करन को अपनी टीम में शामिल करने के लिए काफी इच्छुक होंगी। सैम करन ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में कमाल का प्रदर्शन किया था और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
रविचंद्रन अश्विन ने आगे कहा कि, ‘CSK अपनी मार्की लिस्ट में सैम करन को चुनेगी। अगर करन उनकी टीम में शामिल नहीं होते हैं तो फिर वह बेन स्टोक्स को अपने दल में शामिल करेगी। अगर उनको भी लेने में वो असमर्थ रही तो कैमरन ग्रीन पक्का CSK से खेलते हुए नजर आएंगे।’
अश्विन की मानें तो चेन्नई फ्रेंचाइजी वेस्टइंडीज के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन को भी मिनी ऑक्शन में अपने दल में शामिल कर सकती है। बता दें, पूरन का पिछला सत्र इतना अच्छा नहीं रहा था लेकिन इस समय आबू धाबी टी-10 लीग में वह कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं।
अश्विन ने कहा कि, ‘दूसरे विकेटकीपर के रूप में चेन्नई फ्रेंचाइजी पूरन को जरूर अपने दल में शामिल करेगी। वो इस समय कमाल के फॉर्म में हैं और उनका यह फॉर्म टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगा।’