मोहम्मद कैफ ने की बेन स्टोक्स की कप्तानी की जमकर तारीफ, कहा- उन्होंने 281 रनों के लक्ष्य को 481 जैसा बना दिया
मोहम्मद कैफ ने ट्वीट कर लिखा कि, ऐसे ट्रैक पर मुख्य स्पिनर के बिना बेन स्टोक्स ने 281 रन को 481 रन जैसा बना दिया।
अद्यतन - जून 21, 2023 5:18 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा। बता दें ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 2 विकेट से हराया। उस्मान ख्वाजा और पैट कमिंस ने अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं बैजबॉल रणनीति के तहत बल्लेबाजी करने को लेकर इंग्लैंड की टीम पर कई सवाल उठ रहे हैं।
कई दिग्गज खिलाड़ियों ने इसके लिए इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की आलोचना की तो कुछ ऐसे भी खिलाड़ी रहें जिन्होंने बेन स्टोक्स की जमकर तारीफ की। इनमें से एक हैं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ। बता दें उन्होंने बेन स्टोक्स की कप्तानी जमकर तारीफ की और कहा कि उन्होंने 281 रनों के लक्ष्य को 481 रन जैसा बना दिया।
बेन स्टोक्स ने 281 रन को 481 रन जैसा बना दिया- मोहम्मद कैफ
बता दें मोहम्मद कैफ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए ट्वीट कर लिखा कि, ऐसे ट्रैक पर मुख्य स्पिनर के बिना बेन स्टोक्स ने 281 रन को 481 रन जैसा बना दिया। उन्होंने प्रत्येक बल्लेबाज के लिए योजना बनाई। रणजी कप्तान इसे देखें और सीखें। बेन स्टोक्स टेस्ट कप्तान आ चुके हैं।
Even on a dead track, without main spinner, Ben Stokes made 281 look like 481. Plan for each batter, fielders in eye line … Ranji captains watch and learn. Stokes, the Test captain, has arrived. @benstokes38 #Ashes23
— Mohammad Kaif (@MohammadKaif) June 21, 2023
वहीं अगर मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पांचवें दिन 281 रनों के लक्ष्य को 8 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। हालांकि एक समय ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने आठ विकेट 227 रन पर ही गंवा दिए थे। जिसके बाद इस मुकाबले में इंग्लैंड की जीत लगभग तय मानी जा रही थी। लेकिन फिर कंगारू टीम के कप्तान पैट कमिंस ने कप्तानी पारी खेली और नाथन लियोन के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिला दी।
बता दें पैट कमिंस ने 73 गेंदों का सामना कर 44 रन बनाए और इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं नाथन लियोन ने भी 16 रनों का योगदान दिया। इससे पहले उस्मान ख्वाजा ने भी दोनों ही पारियों में शानदार प्रदर्शन किया। वहीं इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने इस सीरीज में 1-0 की बढ़त भी बना ली है। अब वहीं दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम वापसी करने की पूरी कोशिश करेगी।