IND vs SA: दूसरे टी-20 मैच में डेविड मिलर की शतकीय पारी के कायल हुए सूर्यकुमार यादव
डेविड मिलर की शानदार बल्लेबाजी के बावजूद साउथ अफ्रीकी टीम को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
अद्यतन - अक्टूबर 3, 2022 1:41 अपराह्न

गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 16 रन से मात दी। भले ही दक्षिण अफ्रीका इस मुकाबले को हार गया हो लेकिन टीम के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड मिलर की शानदार शतकीय पारी ने तमाम लोगों का दिल जीत लिया। मिलर की इस पारी की सूर्यकुमार यादव ने जबरदस्त प्रशंसा की है।
बता दें, भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 237 रन बनाए। टीम की ओर से केएल राहुल ने 28 गेंदों में 54 रन और सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंदों में 61 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
जवाब में दक्षिण अफ्रीका टीम 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 221 रन ही बना पाई। टीम की ओर से डेविड मिलर ने 47 गेंदों में 106* रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने कुल 8 चौके और 7 छक्के जड़े। डेविड मिलर की इस पारी को लेकर सूर्यकुमार यादव ने अपना पक्ष सबके सामने रखा है।
डेविड मिलर ने कमाल की बल्लेबाजी की: सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि, ‘डेविड मिलर ने कमाल की बल्लेबाजी की जिसका मैने पूरा लुत्फ उठाया।’
यादव ने आगे कहा कि, ‘जब आप अभ्यास सत्र में बल्लेबाजी कर रहे होते हैं तब आपको गेंदबाजों को लेकर कई तरह की योजनाएं बनानी पड़ती हैं। जब आप पहले बल्लेबाजी कर रहे होते हैं तो आपको ज्यादा से ज्यादा ओवर खेलने की जरूरत होती है और उसमें तेजी से रन बनाने की।
हम पहले बल्लेबाजी कर रहे थे। केएल राहुल और रोहित शर्मा ने काफी बेहतरीन शुरुआत दी और उसके बाद जब मेरी बारी आई तो मैंने क्रीज पर उतरकर खेल का भरपूर मजा लिया।’
बता दें, दक्षिण अफ्रीका के शुरुआती 3 विकेट 47 रन पर गिर गए थे। इसके बाद क्विंटन डी कॉक और डेविड मिलर ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 174 रन की नाबाद साझेदारी की। ये डेविड मिलर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक है। डी कॉक ने इस मैच में 48 गेंदों में 69* रन की बहुमूल्य अर्धशतकीय पारी खेली।