पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच को लेकर ऑस्ट्रेलिया ने घोषित कर दी अपनी प्लेइंग इलेवन - क्रिकट्रैकर हिंदी

पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच को लेकर ऑस्ट्रेलिया ने घोषित कर दी अपनी प्लेइंग इलेवन

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरुआती दोनों ही टेस्ट मैच में बल्लेबाजों का बोलबाला देखने को मिला है।

Australia Team (Photo source: Twitter)
Australia Team (Photo source: Twitter)

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच में खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के शुरुआती दोनों ही मैच बिना किसी परिणाम के खत्म हो गए। जिसमें पहले टेस्ट मैच में जहां बल्लेबाजों का पूरी तरह बोलबाला दिखा और कुल 14 विकेट ही मैच के दौरान गिरे। वहीं दूसरा टेस्ट मैच जरूर थोड़ा रोमांचक रहा लेकिन उसमें भी बल्लेबाज पूरी तरह से हावी ही दिखाई दिए।

अब इस टेस्ट सीरीज तीसरा और आखिरी मुकाबला लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा जिसको लेकर यह उम्मीद जताई जा रही है कि पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार साबित होगी। इसी को देखते हुए ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में किसी तरह का बदलाव ना करते हुए 2 स्पिन गेंदबाजों के साथ जाने का फैसला किया है।

पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम सिर्फ एक स्पिन गेंदबाज के साथ खेलने उतरी थी, लेकिन दूसरे टेस्ट मैच में तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की जगह पर उन्होंने लेग स्पिन मिचेल स्वेप्सन को टीम में शामिल किया था। हालांकि वह अपने प्रदर्शन से कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके थे, लेकिन हालात को देखते हुए टीम में उनको बरकरार रखने का फैसला किया गया है।

रिवर्स स्विंग एक बड़ा हथियार बन सकती है

तीसरे टेस्ट मैच को लेकर अपनी प्लेइंग इलेवन को लेकर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस का क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू में छपे बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि, हम पिछले टेस्ट मैच में खेलने वाले अपने सभी 11 खिलाड़ियों के प्रदर्शन से काफी खुश हैं। जिसमें किसी के भी अनफिट ना होने पर हम उन्हीं के साथ मैदान पर उतरने का फैसला कर रहे हैं।

पैट कमिंस ने अपने बयान में आगे कहा कि, टीम में सिर्फ 2 तेज गेंदबाजों के होने के बावजूद मेरे अनुसार रिवर्स स्विंग हमारे लिए एक बड़ा हथियार बन सकती है। जिसमें स्टार्क ने पिछले मुकाबले में उसे करके दिखाया था। हालांकि हमारे लिए यह काफी कठिन फैसला है कि हम जोश और बोलेंड जैसे खिलाड़ियों को टीम में शामिल नहीं कर रहे हैं। लेकिन स्टार्क के साथ जाने का फैसला काफी बेहतर है और हमें विश्वास है कि हम 20 विकेट हासिल करने में कामयाब होंगे।

यहां पर देखिए तीसरे टेस्ट मैच को लेकर ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन:

डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशाने, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचल स्टार्क, नाथन लियोन, मिचल स्वेप्सन।

close whatsapp