बाबर आजम का मानना, सबसे छोटे प्रारूप में टीम को और भी सुधार करने की जरूरत है
इंग्लैंड टीम ने सातवें और आखिरी टी-20 मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 67 रन से जीत दर्ज की।
अद्यतन - Oct 3, 2022 4:50 pm

इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई 7 मुकाबलों की टी-20 सीरीज में पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 285 रन बनाए। हालांकि पाकिस्तान को इस सीरीज में 4-3 से मात खानी पड़ी। इंग्लैंड टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इस सीरीज को अपने नाम किया।
बता दें, पहला टी-20 मुकाबला हारने के बाद पाकिस्तान टीम ने दूसरे मैच में जबरदस्त वापसी की और सीरीज में 1-1 की बराबरी की। तीसरा मैच इंग्लैंड ने और चौथा पाकिस्तान ने जीता। पांचवे में मेजबान टीम ने जीत दर्ज की, इसके बाद इंग्लिश खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए छठें टी-20 मैच को अपने नाम किया।
दोनों टीमों ने इस सीरीज में 3-3 की बराबरी कर ली थी और आखिरी मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेलना बचा था। इंग्लैंड टीम ने सातवें और आखिरी टी-20 मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 67 रन से जीत दर्ज की। मुकाबले के बाद पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने टी-20 सीरीज की हार को लेकर बड़ा बयान दिया।
हमें सबसे छोटे प्रारूप में सुधार करने की जरूरत है: बाबर आजम
भले ही इस सीरीज में बाबर आजम अपने बेहतरीन फॉर्म में वापस आ गए हैं लेकिन उनका मानना है कि टीम को अभी भी सबसे छोटे प्रारूप में सुधार की बेहद जरूरत है। उनके मुताबिक टीम की गेंदबाजी में अभी भी काफी कमी है।
मुकाबले के बाद प्रेजेंटेशन में बाबर आजम ने कहा कि, ‘इंग्लैंड टीम ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और स्कोर को 200 के पार ले गए। हम लोगों ने भी शुरुआत में जल्द विकेट गंवा दिए जिसकी वजह से बाकी बल्लेबाजों के ऊपर दबाव आ गया। यह सीरीज हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण थी।
टी-20 प्रारूप में हमें और भी सुधार करने की जरूरत है। जैसे कि मैंने टॉस में कहा था कि हमारे पास बेहतरीन गेंदबाज हैं लेकिन हारिस रऊफ के अलावा कोई भी अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहा है। इंग्लैंड की मेजबानी करके काफी अच्छा लग रहा है और मुझे पूरी उम्मीद है कि हमारी टीम टी-20 वर्ल्ड कप में जबरदस्त प्रदर्शन करेगी।’
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में पाकिस्तान के साथ ग्रुप में भारत, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश हैं। इस ग्रुप में सभी टीमें एक दूसरे को कड़ी टक्कर देंगी। टीम के लिए अच्छी बात यह है कि शाहीन अफरीदी इस बड़े टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।