जय शाह के बयान को सुनकर पूर्व पाकिस्तानी कप्तान सलमान बट ने दी PCB को अहम सलाह - क्रिकट्रैकर हिंदी

जय शाह के बयान को सुनकर पूर्व पाकिस्तानी कप्तान सलमान बट ने दी PCB को अहम सलाह

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सलमान बट ने बीसीसीआइ के फैसले पर आपत्ति जाहिर की है।

Salman Butt
Salman Butt. (Photo Source: ARIF ALI/AFP via Getty Images)

हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह ने यह बयान दिया था कि एशिया कप 2023 के लिए भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाएगी। इस बयान को सुनने के बाद तमाम पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी और PCB अध्यक्ष रमीज राजा ने अपना-अपना पक्ष सामने रखा। तमाम लोग BCCI के इस बयान से खुश नहीं है। अब इसी लिस्ट में पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी सलमान बट भी शामिल हो गए हैं।

सलमान बट का कहना है कि जय शाह के इस बयान ने उनको बिल्कुल भी हैरान नहीं किया है क्योंकि भारतीय टीम कभी भी पाकिस्तान में द्विपक्षीय सीरीज खेलने के इच्छुक नहीं थी। यही नहीं बट ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के सभी पिछले निमंत्रण को भारत ने अनसुना कर दिया। बता दें, हाल ही में BCCI की 91वीं वार्षिक आम बैठक हुई जिसमें रोजर बिन्नी ने BCCI अध्यक्ष पद को ग्रहण किया, इसी के साथ सचिव के रूप में जय शाह फिर से चुने गए।

भारतीय टीम ने पाकिस्तान के निमंत्रण को अनसुना कर दिया: सलमान बट

सलमान बट ने अपने यूट्यूब चैनल में कहा कि, ‘पाकिस्तान ने भारत को निमंत्रण भेजा था लेकिन उन्हें नहीं खेलना था। उन्हें इस निमंत्रण को स्वीकार कर लेना चाहिए था लेकिन अब हम इसमें क्या बोल सकते हैं? काफी लंबे समय से वो अपनी बात पर टिके हुए हैं। और भी टीमों ने UAE में पाकिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज खेली है। भारत सिर्फ वर्ल्ड कप और एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेलती है।’

पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘अगर उनकी यही नीति है कि उन्हें पाकिस्तान में नहीं खेलना है तो इस कारण के लिए हैरान या परेशान नहीं होना चाहिए। अगर उन्हें नहीं खेलना है तो, आप उनपर जोर नहीं डाल सकते। न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने का कोई मतलब नहीं है। यह सब राजनीतिक फैसलों की वजह से है। इसलिए इसपर हैरान या परेशान नहीं होना चाहिए। आप अपनी तरफ से यही कर सकते हैं कि या तो वर्ल्ड कप में ना खेले या फिर न्यूट्रल वेन्यू के लिए बात करें।’

सलमान बट के अलावा सईद अनवर और पूर्व अनुभवी ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने भी जय शाह के बयान की आलोचना की है। इसी बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कथित तौर पर BCCI को चेतावनी दी है कि ऐसे फैसलों की वजह से उन्हें बाद में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

close whatsapp