हार्दिक पांड्या कमाल के खिलाड़ी हैं, लेकिन मुझे सिर्फ एक बात की चिंता सता रही है: कपिल देव
हार्दिक पांड्या की काबिलियत पर कोई भी सवाल नहीं उठा सकता, लेकिन मुझे सिर्फ इस बात की चिंता लगी रहती है कि कहीं वो चोटिल ना हो जाए: कपिल देव
अद्यतन - सितम्बर 1, 2022 4:41 अपराह्न

28 अगस्त को खेले जा चुके एशिया कप के दूसरे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी। इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से भारतीय टीम को जीत दिलाई। उन्होंने पहले घातक गेंदबाजी करते हुए 25 रन देकर 3 विकेट झटके और फिर 17 गेंदों में 33* रन की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का जड़ा।
इसी के साथ भारतीय टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने हार्दिक पांड्या को लेकर बड़ा बयान दिया है।स्पोर्ट्सकीड़ा में छपे कपिल देव के बयान में उन्होंने कहा कि, ‘अगर टीम में हार्दिक पांड्या जैसे ऑलराउंडर है तो आपके लिए बहुत सकारात्मक बात है। भारतीय टीम के पास हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा हैं जो गेंदबाज़ी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी कमाल का प्रदर्शन कर सकते हैं।
एक टीम में ऑलराउंडर होना बहुत बड़ी बात है। हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा दोनों ही कमाल के एथलीट हैं। हार्दिक ने हमें गौरवान्वित किया है। एक बात यह है कि उन्हें अपना भी काफी ख्याल रखना होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि अगर उनके जैसा खिलाड़ी चोटिल हो जाता है तो पूरी टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। उनकी काबिलियत पर कोई भी सवाल नहीं उठा सकता लेकिन मुझे सिर्फ इस बात की चिंता लगी रहती है कि कहीं वो चोटिल ना हो जाए।
यह साल अभी तक हार्दिक पांड्या के नाम रहा है
टी-20 प्रारूप में हार्दिक पांड्या ने इस साल कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक 13 पारियों में 34.88 के औसत से 314 रन बनाए हैं। यही नहीं उन्होंने 11 विकेट भी अपने नाम किए हैं। वनडे क्रिकेट में हार्दिक पांड्या ने 2 पारियों में 100 रन बनाए हैं। इस साल वनडे क्रिकेट में उनका सर्वाधिक स्कोर 71 रन का रहा है।
तमाम प्रशंसक हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन से काफी खुश हैं और सब यही चाह रहे हैं कि उनका यह फॉर्म आगे भी बरकरार रहे। बता दें, हांगकांग के खिलाफ खेले जा चुके मुकाबले में हार्दिक पांड्या को आराम दिया गया था और उनकी जगह ऋषभ पंत को टीम में शामिल किया गया था।
हालांकि अब अपने आने वाले मुकाबले में भारतीय टीम उन्हें वापस प्लेइंग XI में शामिल करना चाहेगी। IPL 2022 में भी गुजरात टाइटंस (GT) की कप्तानी करते हुए हार्दिक पांड्या ने 44.27 के औसत से 487 रन बनाए थे और 8 विकेट भी झटके थे। गुजरात में इस सीजन का कप अपने नाम किया था।