वसीम अकरम ने इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज में पाकिस्तान की हार पर कहा- ‘हारो तो हारो लेकिन दिलेरी से हारो’
वसीम अकरम ने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम और मुख्य कोच सकलैन मुश्ताक की आलोचना की।
अद्यतन - Oct 5, 2022 4:24 pm

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने इंग्लैंड के खिलाफ हालिया सात मैचों की T20I सीरीज के निर्णायक मैच में पाकिस्तान की बल्लेबाजी अप्रोच पर निराशा जाहिर की। पाकिस्तान क्रिकेट टीम जीत के लिए 210 रनों का पीछा करते हुए 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 142 रन बना पाई और यह मैच 67 रनों से हार गई, नतीजन इंग्लैंड ने 4-3 से T20I सीरीज अपने नाम की ।
स्पोर्ट्सकीड़ा के अनुसार, वसीम अकरम ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा: “आप दस ओवर में मैच हारो, किसी को कोई परवाह नहीं होगी, फैंस और पाकिस्तान की जनता आपका समर्थन करेगी। लेकिन अगर आप इस तरह से खेलते हैं, तो कोई भी आपका साथ देने वाला नहीं है। आप चेज करते हुए दूसरे ही ओवर में अपने दो विकेट गंवा देते हैं, छटवें ओवर में तीसरा, जनता कैसे सपोर्ट करेगी। मुझे पता है खेल में हार-जीत लगी रहती है।
पाकिस्तान मैच जीतने को कोशिश भी नहीं करना चाहता: वसीम अकरम
आप हमेशा जीत नहीं सकते और हम सब यह समझते हैं। लेकिन, हारो तो हारो लेकिन दिलेरी से हारो। दो शुरुआती विकेट गंवाने के बाद 10 ओवर में केवल 56 या 60 रन बनाने का क्या फायदा है, तब जब हम 210 रन चेज करने जा रहे हैं, मुझे नहीं लगता फिर ऐसे खेल और इस मानसिकता का कोई मतलब है।”
इस बीच, तेज गेंदबाजी दिग्गज ने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम और मुख्य कोच सकलैन मुश्ताक की आलोचना की, जिन्होंने लाहौर में इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 210 रनों का पीछा करते हुए अपने बल्लेबाजों को कोई संदेश नहीं भेजा, नतीजन वे केवल 142 रन बना पाए।
वसीम अकरम ने अंत में कहा: “अगर मैं बाबर की जगह होता, तो अपने बल्लेबाजों के लिए मेसेज भेज देता या फिर मुख्य कोच को 12 ओवर में आउट होने का मैसेज भेज देता। मैं चाहता हूं कि पाकिस्तान मैच जीतने की कोशिश करें, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हमारी टीम के साथ यही समस्या है।”