WI vs IND: तीसरे टी-20 मैच में प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव ने दिया बड़ा बयान
वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच जिताऊं पारी खेलने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वनडे फॉर्मेट उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण है।
अद्यतन - अगस्त 9, 2023 1:35 अपराह्न

8 अगस्त को खेले गए तीसरे टी-20 मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से सूर्यकुमार यादव ने 44 गेंदों में 10 चौके और चार छक्कों की मदद से 83 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने वेस्टइंडीज के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी पर कड़ा प्रहार किया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच जिताऊं पारी खेलने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वनडे फॉर्मेट उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण है। ऐसा इसलिए क्योंकि वनडे प्रारूप में जैसा टीम को जरूरत होती है वैसा ही आपको बल्लेबाजी करनी होती है। टी-20 फॉर्मेट को लेकर यादव ने कहा कि उन्होंने इस फॉर्मेट में काफी क्रिकेट खेला है और इसी वजह से वो इसमें अच्छा प्रदर्शन करते है।
इंडिया टुडे के मुताबिक सूर्यकुमार यादव ने मीडिया के साथ बातचीत के दौरान कहा कि, ‘टी-20 प्रारूप में मैंने कई मुकाबले खेले हैं और इसी वजह से मैं उसमें अच्छा प्रदर्शन करता हूं। लेकिन वनडे फॉर्मेट में हम ज्यादा नहीं खेलते। मुझे यह प्रारूप इसलिए काफी मुश्किल लगता है क्योंकि इस फॉर्मेट में आपको हर तरीके से बल्लेबाजी करना आना चाहिए। टीम को जैसी आपकी जरूरत होगी वैसा आपको प्रदर्शन करना होगा।
उदाहरण के तौर पर अगर वनडे फॉर्मेट में कुछ विकेट जल्द गिर गए हैं तो आपको टेस्ट क्रिकेट की तरह बल्लेबाजी करनी होगी। शुरुआत में आपको हर गेंद पर 1 रन देना होगा और अंतिम ओवर में आपको टी-20 क्रिकेट खेलना होगा।’
टी-20 प्रारूप में अपनी छाप छोड़ना ज्यादा आसान है: सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव ने आगे कहा कि, ‘जो टीम मैनेजमेंट ने मुझसे बोला है मैं उसी की तरह खेलने की कोशिश कर रहा हूं। मैं यही कोशिश कर रहा हूं कि जो उनका मुझ पर भरोसा है उसे मैं कायम रखूं। टी-20 में अपनी छाप छोड़ना ज्यादा आसान है।’
इस साल भारत में वर्ल्ड कप भी खेला जाना है और उससे पहले एशिया कप टूर्नामेंट भी। यह दोनों ही टूर्नामेंट वनडे फॉर्मेट में खेले जाएंगे। अब देखना यह है कि सूर्यकुमार यादव इन दोनों ही बड़े टूर्नामेंट में कैसा प्रदर्शन करते हैं।