‘एक फोन घुमाओ और फॉर्म में वापस आओ’- जडेजा ने विराट कोहली को दी अनोखी सलाह
विराट कोहली इन दिनों खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं।
अद्यतन - जुलाई 16, 2022 3:05 अपराह्न

पूर्व भारतीय बल्लेबाज अजय जडेजा ने कहा कि विराट कोहली अभी जिस दौर से गुजर रहे हैं, उसे सिर्फ सचिन तेंदुलकर समझ सकते हैं। कोहली इस समय बल्ले के साथ खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। इस साल एक कैलेंडर ईयर में उनकी औसत सबसे कम रही है। जडेजा ने साथ ही कहा कि कोहली और तेंदुलकर को एकसाथ खाना खाने की जरूरत है।
जडेजा ने कहा कि सचिन तेंदुलकर बेहतरीन बल्लेबाज रहे, लेकिन बीच में उनका खराब दौर भी रहा। इस समय कोहली से बातचीत करने के लिए वो बिलकुल सही व्यक्ति हैं। जडेजा का मानना है कि कोहली के खराब फॉर्म के बारे में सचिन तेंदुलकर को भी काफी कुछ पता है।
अजय जडेजा ने विराट कोहली को दी अनोखी सलाह
जडेजा ने सोनी सिक्स पर बातचीत करते हुए कहा, “मैंने 8 महीने पहले भी यही कहा था, जब हम इस बारे में बात कर रहे थे। मैंने कहा था कि विराट कोहली किस दौर से गुजर रहे हैं, तो उससे रिलेट करने वाला सिर्फ एक शख्स हैं सचिन तेंदुलकर। कोहली को तेंदुलकर को फोन करना चाहिए और कहना चाहिए कि, चलिए अच्छा खाना खाते हैं।
जडेजा ने आगे कहा कि, ‘मैं किसी और के बारे में नहीं सोच पा रहा हूं क्योंकि मेरा मानना है कि यह सब उनके दिमाग में है। कोहली बस तेंदुलकर से एक फोन कॉल दूर हैं। अगर विराट कोहली फोन नहीं करें तो सचिन तेंदुलकर उन्हें फोन कर लें। कभी युवा खिलाड़ी उस चरण में होते हैं। जब आप बड़े होते हैं और उस दौर से गुजर चुके होते हैं तो यह आपका फर्ज है कि फोन करें। मुझे उम्मीद है कि सचिन ऐसा करेंगे।’
विराट कोहली ने 2022 में 18 पारियों में 25.50 की औसत से 459 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 79 रन रहा है। आखिरी बार कोहली ने नवंबर 2019 में शतक लगाया था। मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर भी कोहली रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे हैं। उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कोहली अपने खराब फॉर्म को पीछे छोड़ने में कामयाब हो पाते हैं या नहीं।