वनडे में सबसे बड़ी चुनौती यही होती है कि आपको 10 ओवर गेंदबाजी करनी होती है: पैट कमिंस
ऑस्ट्रेलिया टीम को वनडे वर्ल्ड कप 2023 का अपना दूसरा मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आज यानी 12 अक्टूबर को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेलना है।
अद्यतन - अक्टूबर 12, 2023 11:56 पूर्वाह्न

इस समय भारत में वनडे वर्ल्ड कप 2023 खेला जा रहा है और कई टीमों ने अभी तक इस टूर्नामेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए इस टूर्नामेंट की शुरुआत इतनी अच्छी तरह से नहीं हुई। ऑस्ट्रेलिया टीम को वनडे वर्ल्ड कप 2023 के अपने पहले मैच में भारतीय टीम से हार का सामना करना पड़ा।
अब उन्हें वनडे वर्ल्ड कप 2023 का अपना दूसरा मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आज यानी 12 अक्टूबर को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेलना है। हालांकि इस मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान पैट कमिंस ने वनडे प्रारूप में चुनौती को लेकर अपना पक्ष रखा।
ESPNक्रिकइंफो के मुताबिक पैट कमिंस ने कहा कि, ‘मेरे करियर की शुरुआत में मुझे टेस्ट और टी-20 क्रिकेट में चीजों को समझना काफी मुश्किल लग रहा था लेकिन वनडे क्रिकेट में आपकी भूमिका बहुत ही अलग होती है। आपको कभी-कभी गेंदबाजी में ओपनिंग करनी पड़ती है और उसके बाद आपको अलग-अलग वैरायटी से गेंदबाजी करनी होती है। वनडे क्रिकेट बाकी प्रारूप से काफी अलग है और इसमें काफी चुनौती भी होती है।’
यह फिजिकल प्रारूप है: पैट कमिंस
पैट कमिंस ने आगे यह भी कहा कि वनडे क्रिकेट में आपको 10 ओवर गेंदबाजी करनी होती है जो बहुत ही बड़ी चुनौती होती है। उन्होंने कहा कि, ‘सबसे बड़ी चुनौती यह होती है कि आपको 10 ओवर गेंदबाजी करनी पड़ती है। यह बहुत ही फिजिकल प्रारूप है और मुझे लगता है कि अगर आप हफ्ते में दो या तीन मैच खेलते हैं तो आपको काफी थकान होती है।
टी-20 में अगर आपने एक अच्छा ओवर फेंक दिया तो वह मैच विनिंग हो जाता है लेकिन वनडे में ऐसा नहीं है। वनडे में इससे चीजें बहुत ही अलग होती हैं और परिस्थिति गेंदबाजों के हक में हो तो अच्छा है वरना आपको भी बल्लेबाजों के खिलाफ काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। यह बहुत ही मुश्किल है लेकिन मुझे इस प्रारूप को खेलने में काफी मजा आता है।’