रमीज राजा ने PCB अध्यक्ष पद संभालते ही भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज पर दिया यह बयान
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी बार द्विपक्षीय सीरीज साल 2012-13 में खेली गई थी।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Sep 13, 2021 11:35 pm

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के नियुक्त किए गए नए अध्यक्ष और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रमीज राजा ने कंधों पर काफी बड़ी जिम्मेदारी है। जहां एक तरफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चल रही है वहीं अगले महीने से टी-20 वर्ल्ड कप भी खेला जाना है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी टीम भी अगले साल पाकिस्तान का दौरा करेगी। रमीज राजा को इन सभी चीजों पर विशेष ध्यान देना होगा।
पूर्व पाकिस्तान खिलाड़ी ने अध्यक्ष बनने के बाद मीडिया से बात करते हुए कई अहम सवालों के जवाब दिए। जिसमें उनसे पाकिस्तान और भारत के बीच एकबार फिर से द्विपक्षीय सीरीज को लेकर पूछा गया जिसपर उन्होंने यह साफ तौर पर कह दिया कि मौजूदा हालात को देखते हुए यह अभी काफी मुश्किल है। वहीं उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि उनका पूरा ध्यान पाकिस्तान के घरेलू और लोकल क्रिकेट की हालत में सुधार लाना है।
मेरा ध्यान घरेलू और लोकल क्रिकेट पर
रमीज राजा ने मीडिया से बात करते हुए अपने बयान में कहा कि, यह बहुत बड़ी चुनौती है और प्रधानमंत्री ने मुझे यह जिम्मेदारी सौंपने से पहले सभी पहलुओं पर गौर किया था। वहीं भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज अभी यह असंभव है, क्योंकि राजनीति से खेलों पर बुरा प्रभाव पड़ा है और अभी यथास्थिति है। हम इस मामले में जल्दबाजी में भी नहीं हैं क्योंकि हमें अपने घरेलू और स्थानीय क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करना है।
वहीं रमीज राजा ने पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच रावलपिंडी और लाहौर में खेली जाने वाली सीमित ओवरों की सीरीज के दौरान DRS की सुविधा नहीं होने पर भी निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि, DRS के इस मुद्दे से पता चलता है कि कहीं कुछ गड़बड़ी है और मैं इस पर गौर करूंगा।
बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच साल 2012-13 के बाद से एक भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है। हालांकि कि इस बीच दोनों ही देश एशिय कप और आईसीसी प्रतियोगिता में जरूर एक-दूसरे के खिलाफ खेलती हुई नजर आई हैं।