साल 2025 में पीएसएल का शेड्यूल टकराएगा आईपीएल से; पीसीबी को हो सकता है भारी नुकसान
पीसीबी आमतौर पर फरवरी और मार्च में पीएसएल (PSL) की मेजबानी करता है।
अद्यतन - अगस्त 18, 2022 11:59 पूर्वाह्न

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा हाल ही में जारी किए गए फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) के अनुसार, पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का शेड्यूल साल 2025 में आपस में टकराने वाला है, जो विदेशी खिलाड़यों के लिए एक सिरदर्द साबित हो सकता है।
आईसीसी (ICC) ने हाल ही में 2023-2027 की अवधि के लिए फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (FTP) की घोषणा की, जहां पाकिस्तान के पास पीएसएल (PSL) की मेजबानी करने के लिए अलग से एक प्रॉपर विंडो नहीं होगी, क्योंकि वे साल 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने जा रहे है।
साल 2025 में आईपीएल (IPL) और पीएसएल (PSL) की भिड़ंत संभव
आपको बता दें, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) आमतौर पर फरवरी और मार्च में पीएसएल (PSL) की मेजबानी करता है, लेकिन 2025 की शुरुआत में वे चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन करने वाले है, इसलिए पीसीबी (PCB) को अपने घरेलू टी-20 टूर्नामेंट को मार्च और अप्रैल में स्थानांतरित करना पड़ सकता है।
अगर ऐसा होता है, तो पीएसएल (PSL) का साल 2025 में आईपीएल (IPL) से भिड़ना तय है, क्योंकि भारत की घरेलू लीग के लिए विंडो का विस्तार तय है, और अब तो अगले साल से उनके पास महिला आईपीएल (WIPL) भी होगा, ऐसे में मार्च से मई तक उनका कार्यक्रम सेट है। इस स्थिति में पीएसएल (PSL) के भारी नुकसान झेलने की संभावना है, क्योंकि सभी का ध्यान आम तौर पर पूरी तरह से आईपीएल (IPL) पर रहता है।
पीसीबी (PCB) के लिए साल 2025 के अंत में भी पीएसएल (PSL) की मेजबानी करना बहुत मुश्किल होगा, क्योंकि पाकिस्तान का अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम और दुनिया भर में होने वाली अन्य टी-20 लीगों के कारण वे ऐसा नहीं कर पाएंगे। जिसे देखते हुए पाकिस्तान को साल 2025 में मार्च और अप्रैल की विंडो में ही अपने टूर्नामेंट का आयोजन करना पड़ सकता है। इस साल भी आईपीएल (IPL) और पीएसएल (PSL) की भिड़ंत संभव थी, लेकिन फिर पीसीबी (PCB) ने जनवरी और फरवरी में अपने टूर्नामेंट की मेजबानी की ताकि दोनों लीगों के बीच कोई टकराव न हो।