सूर्या भाऊ को आराम नहीं है पसंद, टीम इंडिया से मिला ब्रेक तो रणजी ट्रॉफी खेलने के लिए हुए तैयार
हाल के दिनों में टी-20 फॉर्मेट में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन रहा है शानदार।
अद्यतन - Dec 5, 2022 2:56 pm

75 दिनों तक लगातार क्रिकेट खेलने के बाद टीम इंडिया के तूफानी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को जारी बांग्लादेश सीरीज़ से ब्रेक दिया गया। इससे पहले सूर्यकुमार यादव ICC T20 विश्व कप 2022 में खेलते हुए दिखे थे जहां टीम इंडिया सेमीफाइनल तक पहुंचने में कामयाब रही थी। उसके बाद वो न्यूजीलैंड दौरे पर टी-20 और वनडे सीरीज में खेलते हुए दिखे थे।
32 साल के सूर्यकुमार को तक सिर्फ लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में खेलने का मौका मिला है। लेकिन उन्होंने अब तक अपना टेस्ट डेब्यू नहीं किया है और अब वे अब इसकी तैयारी में जुट गए हैं। उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को जानकारी दी है कि वे रणजी ट्रॉफी के दूसरे मुकाबले के चयन के लिए उपलब्ध हैं। मुंबई की टीम को 20 दिसंबर से हैदराबाद के खिलाफ मैच खेलना है।
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अजिंक्य नायक ने बताया कि, “सूर्या ने हमें बताया है कि वह रणजी ट्रॉफी के दूसरे मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। चयन समिति ने अजिंक्य रहाणे की अगुआई में होने वाले पहले रणजी ट्रॉफी मैच के लिए आज टीम का चयन किया, जो आंध्रप्रदेश के खिलाफ खेला जाना है।”
लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन रहा है शानदार
सूर्यकुमार यादव ने इस साल भारत के लिए लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके अपनी क्षमता को साबित किया है। अब उनका पूरा ध्यान रेड बॉल फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर है और उसी को ध्यान में रखते हुए, उन्होंने रणजी टूर्नामेंट में भाग लेने का फैसला किया है। सूर्यकुमार ने भारत की ओर से अब तक 42 T20I में 44 की औसत से 1408 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं।
इस बीच, खबर ये भी आई थी कि सूर्यकुमार को कथित तौर पर बांग्लादेश श्रृंखला के लिए भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा बनाया जा सकता है। उनको स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है। आपको बता दें कि जडेजा एशिया कप के दौरान लगी घुटने की चोट से अब भी उबर रहे हैं। लेकिन टेस्ट सीरीज के लिए जडेजा की जगह सौरभ कुमार को टीम में शामिल किया गया।