महिला आईपीएल 2023: BCCI महिला आईपीएल (WIPL) के लिए करने जा रहा है अपने नियम में बड़ा बदलाव
बीसीसीआई ने महिला आईपीएल के पहले सीजन के लिए सैलरी कैप भी निर्धारित कर लिया है।
अद्यतन - Jan 20, 2023 11:17 am

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कथित तौर पर अगले महीने से शुरू होने वाले महिला इंडियन प्रीमियर लीग (महिला आईपीएल) के पहले सीजन के लिए सैलरी कैप 12 करोड़ रुपये निर्धारित किया है।
इस सैलरी कैप में प्रतिवर्ष 1.5 करोड़ रुपये की वार्षिक वृद्धि होगी और पहले पांच साल के चक्र के अंतिम सीजन तक इसका मूल्य 18 करोड़ रुपये तक बढ़ जाएगा। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने साफ तौर पर कहा है कि खिलाड़ी पर्स 2023 में 12 करोड़ रुपये से शुरू होगा और यह 2024 में बढ़कर 13.5 करोड़ रुपये हो जाएगा, 2025 में 15 करोड़ रुपये, 2026 में 16.5 करोड़ रुपये और अंत में 2027 में 18 करोड़ रुपये हो जाएगा।
बीसीसीआई ने महिला आईपीएल में पांच विदेशी खिलाड़ियों को अनुमति देने का फैसला किया है
यह महिला आईपीएल (WIPL) के पहले पांच वर्षों के लिए तय सैलरी कैप है, और इस दौरान पहले तीन वर्षों में पांच टीमें हिस्सा लेगी, जबकि अंतिम दो वर्षों के लिए एक और टीम जोड़ी जाएगी। इसके अलावा, महिला आईपीएल (WIPL) में हिस्सा लेने वाली सभी पांच टीमों में कोई भी आइकन खिलाड़ी नहीं होगा।
इसके अलावा, क्रिकबज की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि बीसीसीआई आगामी महिला आईपीएल (WIPL) में सभी पांच टीमों को अपनी प्लेइंग इलेवन में पांच विदेशी खिलाड़ियों को शामिल करने की अनुमति देगा, लेकिन इसके लिए शर्त यह होगी कि इन पांच विदेशी खिलाड़ियों में कम से कम एक क्रिकेटर सहयोगी देश का होना चाहिए। यह आईपीएल नियम में एक बड़ा बदलाव होगा, क्योंकि अब तक प्लेइंग इलेवन में केवल चार विदेशी खिलाड़ियों को अनुमति दी जाती है।
आपको बता दें, महिला आईपीएल (WIPL) के पहले संस्करण के लिए अब तक तारीखों की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि यह टूर्नामेंट 4 से 26 मार्च तक खेला जा सकता है, और लीग के सभी संभावित 22 मैच मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम और नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले जाएंगे।