IPL के जरिए BCCI पर पैसों की बाढ़ आ गई भाई बाढ़ - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL के जरिए BCCI पर पैसों की बाढ़ आ गई भाई बाढ़

BCCI को अब एक आईपीएल मैच की कीमत 107.5 करोड़ रूपए मिलेगी!

Tata IPL Trophy (Image Source: Twitter)
Tata IPL Trophy (Image Source: Twitter)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2023 से 2027 सीजन तक के मीडिया अधिकारों को बेचने के लिए बोली प्रक्रिया को अपनाया। आईपीएल (IPL) के अगले पांच सीजनों के लिए टीवी और डिजिटल मीडिया अधिकारों के लिए ई-नीलामी 12 जून से शुरू हुई हैं, और 13 जून को अब तक जारी है।

आपको बता दें, आईपीएल (IPL) 2023-2027 चक्र के मीडिया अधिकारों के लिए पहला ग्रुप भारत में टेलीविजन मीडिया अधिकार का है, जबकि दूसरा ग्रुप भारतीय डिजिटिल अधिकार का है, यानी ओटीटी (OTT) प्लेफॉर्म, जहां भारत में आईपीएल (IPL) मैचों को प्रसारित किए जाने का प्रावधान दिया जाएगा।

इस बीच, खबरों के अनुसार, आईपीएल (IPL) मैचों को टेलीविजन पर प्रसारित करने के अधिकार 57.5 करोड़ रुपये प्रति मैच और डिजिटल अधिकार 50 करोड़ रुपये प्रति मैच में बिक चुके हैं, और दिलचस्प बात ये हैं कि ये दोनों अधिकार अलग-अलग ब्रॉडकास्टर्स को मिले हैं। हालांकि, अभी विजेता प्रसारणकर्ता कंपनी के नामों का खुलासा नहीं किया गया है, क्योंकि अभी ई-नीलामी जारी है। कथित तौर पर, ई-नीलामी के दूसरे दिन कुल बोली करीब 50,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, और अब पैकेज सी और डी की नीलामी प्रक्रिया शुरू होगी।

BCCI को अब एक आईपीएल मैच की कीमत 107.5 करोड़ रूपए मिलेगी

आईपीएल 2023-2027 चक्र के लिए मीडिया अधिकारों के लिए ई-नीलामी में प्रवेश करने वाली सात बड़ी फर्मों में वायकॉम 18, डिजनी-स्टार, सोनी और जी पैकेज ए (भारत के लिए टेलीविजन अधिकारों) और पैकेज बी (भारत के लिए डिजिटल अधिकारों) के लिए सात घंटो तक बिडिंग वॉर में शामिल रहे, जो संयुक्त रूप से कुल 44,075 करोड़ से भी अधिक रूपए पर जाकर बंद हुई।

ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, “प्रति सीजन 74 मैचों के आधार पर, पांच साल के लिए टीवी अधिकार पैकेज की कीमत 21,275 करोड़ रुपये (लगभग 2.72 अरब डॉलर) है। वहीं डिजिटल अधिकार 17,760 करोड़ रूपए में बिके, और अगर दोनों की कुल राशि जोड़ी (39,035 करोड़ रूपए) जाए तो पिछले चक्र (16,347.5 करोड़ रूपए) से करीब 139 प्रतिशत ज्यादा है। आईपीएल अधिकारियों ने अभी तक विजेताओं के नामों का खुलासा नहीं किया है क्योंकि ई-नीलामी अभी जारी है।”

सार यह हैं कि टीवी पर आईपीएल मैचों का प्रसारण करने वाला चैनल बीसीसीआई (BCCI) को हर मैच का 57.5 करोड़ रुपये का भुगतान करेगा, वहीं डिजिटल अधिकारों का विजेता हर एक मैच का 50 करोड़ रुपये देगा। इस तरह बीसीसीआई (BCCI) को आने वाले पांच सीजनों तक हर सीजन क्रमशः 23,575 करोड़ रूपए और 20,500 करोड़ रूपए पैकेज ए और बी ब्रॉडकास्टर्स से कमाएगा।

close whatsapp