पेटीएम के भारत के घरेलू मैचों के लिए टाइटल स्पॉन्सरशिप से हाथ खींचते ही मास्टरकार्ड मैदान में उतरा
Unacademy और अपस्टॉक्स बीसीसीआई (BCCI) के साथ जल्द अनुबंध समाप्त कर देंगे।
अद्यतन - जुलाई 27, 2022 10:31 पूर्वाह्न

भारत की अग्रणी फिनटेक कंपनी पेटीएम भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ अपने सात साल लंबे संबंध को समाप्त करने जा रही है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, पेटीएम ने बीसीसीआई (BCCI) के साथ अपने अनुबंध को जल्द से जल्द समाप्त करने का अनुरोध करके टाइटल स्पॉन्सरशिप से अपना नाम वापस ले लिया है। यह अनुबंध साल 2023 तक चलने वाला था, लेकिन अब समय से पहले ही समाप्त हो जाएगा।
इस बीच, ग्लोबल पेमेंट्स और टेक्नोलॉजी कंपनी मास्टरकार्ड कथित तौर पर बीसीसीआई (BCCI) द्वारा आयोजित सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए टाइटल स्पॉन्सरशिप अपने नाम करने जा रही है। मास्टरकार्ड अब से लेकर साल 2023 तक के लिए पेटीएम से टाइटल स्पॉन्सरशिप लेने के लिए झटपटा रहा है।
मास्टरकार्ड भारत के घरेलू मैचों के लिए टाइटल स्पॉन्सरशिप अपने नाम करना चाहता है
खबरों के अनुसार, मास्टरकार्ड के लिए टाइटल स्पॉन्सरशिप की कीमत उसी दर पर होगी, जो पेटीएम के लिए थी, और अगले पांच से दस दिनों में इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। आपको बता दें, पेटीएम ने 2015 – 2019 के लिए बीसीसीआई (BCCI) के साथ टाइटल स्पॉन्सरशिप का अनुबंध साइन किया था, जिसके अनुसार उन्हें एक मैच की कीमत 2.4 करोड़ रुपए देनी होती थी।
पेटीएम ने अगस्त 2019 में बीसीसीआई (BCCI) के साथ अपने अनुबंध को और चार साल के लिए बढ़ा दिया था, और यह सौदा 326.80 करोड़ रुपये में किया गया, जिसके हिसाब से अब एक मैच की कीमत 3.80 करोड़ रूपए है।
वहीं दूसरी ओर, Unacademy और डिजिटल ब्रोकरेज यूनिकॉर्न अपस्टॉक्स ने भी कथित तौर पर बीसीसीआई (BCCI) के साथ अपने अनुबंध को समाप्त करने का अनुरोध किया है। कथित तौर पर Unacademy के संस्थापक गौरव मुंजाली ने कहा कि उनकी ब्रांड आईपीएल (IPL) के माध्यम से नई ऊंचाइयों पर पहुंच गई है, इसलिए उन्हें अब बीसीसीआई (BCCI) के साथ अनुबंध रखने में दिलचस्पी नहीं रही, वे अपना पूरा फोकस आईपीएल (IPL) पर रखना चाहते हैं। वहीं अपस्टॉक्स के अधिकारी ने कहा कि वे पहले ही आईपीएल स्पॉन्सरशिप से अपने व्यावसायिक लक्ष्यों को प्राप्त कर चुके हैं, इसलिए अब उनकी ब्रांड को आईपीएल (IPL) की जरूरत नहीं है।