जसप्रीत बुमराह ने खोला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी सफलता का राज - क्रिकट्रैकर हिंदी

जसप्रीत बुमराह ने खोला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी सफलता का राज

जसप्रीत बुमराह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने प्रदर्शन पर बात की।

Jasprit Bumrah (Image Source: BCCI Twitter)
Jasprit Bumrah (Image Source: BCCI Twitter)

भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 12 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए गए पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने 7.2 ओवरों में केवल 19 रन देकर 6 विकेट लिए और टीम इंडिया को तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले वनडे में इंग्लैंड पर 10 विकेट की जीत दर्ज करने में अहम भूमिका निभाई।

इस शानदार प्रदर्शन के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया, और साथ ही वह गेंदबाजों के लिए आईसीसी वनडे रैंकिंग में शीर्ष पायदान पर भी पहुंच गए। मैच के बाद, दाएं-हाथ के तेज गेंदबाज ने गेंद के साथ अपनी सफलता के बारे में बात करते हुए कहा कि वह अपने आसपास के शोर पर ध्यान नहीं देते हैं, बल्कि वह अपने गेम पर ध्यान केंद्रित करते है।

जसप्रीत बुमराह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने प्रदर्शन पर बात की

जसप्रीत बुमराह ने पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा: “मुझे वर्तमान में रहना पसंद है। आजकल खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर काफी टिका-टिप्पणी की जाती है, जो आपको प्रभावित और भ्रमित कर सकती है। मैं केवल अपनी योग्यता और कुशलता के मूल्यांकन और अपनी तैयारियों पर ध्यान देने की कोशिश करता हूं। मैं अपनी प्रक्रियाओं पर काम करता हूं, और जो भी परिणाम मिलता है, उसे स्वीकार करता हूं।”

मुझे ऐसा बिल्कुल भी नहीं लगता है कि मैं किसी विशेष प्रारूप में बहुत अच्छा हूं। मेरी सोच किसी एक प्रारूप में अपनी योग्यता साबित करने की नहीं है, मैं खेल के सभी प्रारूपों का लुत्फ उठाता हूं। मैं लोगों की राय का सम्मान करता हूं, लेकिन मैं इसे गंभीरता से नहीं लेता, चाहे फिर वे मेरे लिए अच्छा बोले या बुरा। मैं अपने प्रदर्शन पर मिली वाहवाही के लिए बहुत आभारी हूं, लेकिन मैं हमेशा अपनी मानसिकता को स्टेबल रखने की कोशिश करता हूं।

किसी दिन आपको लगेगा कि चीजें आपके फेवर में चल रही है तो कभी आप सब कुछ ट्राई करते हैं, लेकिन कुछ भी आपके फेवर में काम नहीं करता है, इसलिए स्थिरता बहुत ज्यादा मायने रखती है, और यही क्रिकेट की खूबसूरती है। मेरा मानना है कि हर दिन एक नया दिन होता है, और आपको नई शुरुआत करने का मौका मिलता है। कभी-कभी आपको पहली गेंद पर ही सफलता मिल जाती है, तो वहीं कुछ दिन ऐसे भी आते हैं जब आप पूरे दिन गेंदबाजी करते है, और अलग-अलग चीजें ट्राई करते हैं, लेकिन आपको केवल निराशा हाथ लगती है।”

close whatsapp