इंग्लैंड के गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने की तैयारी कर रहे हैं रोहित शर्मा!
इंग्लैंड और भारत के बीच पांचवां टेस्ट मैच 1 जुलाई से खेला जाएगा।
अद्यतन - जून 24, 2022 12:19 अपराह्न

1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पांचवें टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी कड़ी अभ्यास और ट्रेनिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को बुधवार 22 जून को नेट्स में कड़ी मेहनत करते देखा गया। 35 वर्षीय ने इस दौरान नेट्स में काफी देर बल्लेबाजी की। बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने एक बेहतरीन स्ट्रेट ड्राइव खेला जिसे एक वीडियो में कैद किया गया।
उनके इस शॉट को सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट किया था। उनके शॉट का वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा कि, ‘परफेक्शन के गेंद को खेलते हुए’ क्या आप उस बल्लेबाज का नाम बता सकते हैं जो इसी शानदार टाइमिंग के साथ बल्लेबाजी करता था।
यहां देखिए रोहित शर्मा का वो बेहतरीन स्ट्रेट ड्राइव
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज से आराम मिलने के बाद रोहित शर्मा फिर से भारतीय टीम में वापस आ चुके हैं। इससे पहले वो आईपीएल 2022 में अपनी फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए नजर आए थे। उस टूर्नामेंट में रोहित शर्मा का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। आईपीएल 2022 में रोहित एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए थे।
अभ्यास मैच में भी रोहित शर्मा नहीं कर पाए अच्छा प्रदर्शन
टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया इस वक्त लीस्टर में लीस्टरशायर के खिलाफ चार दिवसीय अभ्यास मैच खेल रही है। मैच में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। यह फैसला उनके लिए कहीं से भी अच्छा साबित नहीं हुआ। खुद कप्तान रोहित जो बतौर ओपनर इस मैच में बल्लेबाजी करने आए थे वो सिर्फ 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
श्रीकर भरत ने खेली शानदार पारी
जहां इस अभ्यास मैच में भारत के बाकी के बल्लेबाज बुरी तरह से फेल साबित होते हुए दिखे। उसी पिच पर विकेटकीपर-बल्लेबाज श्रीकर भरत ने बेहतरीन पारी खेली। पहले दिन का खेल बारिश की वजह से काफी बाधित हुआ। लेकिन दिन का खेल खत्म होने तक केएस भरत 70 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे।