चयनकर्ताओं ने साल 2023 में होने वाले वनडे वर्ल्ड के लिए रोहित शर्मा और शिखर धवन की ओपनिंग जोड़ी को चुन लिया है – सबा करीम
सबा करीम के अनुसार शार्दुल ठाकुर से पहले हार्दिक पांड्या को अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में अहमयित दी जाएगी।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Oct 9, 2022 3:22 pm

भारतीय टीम इस समय घरेलू जमीन पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है, जिसमें सीरीज का दूसरा वनडे रांची के मैदान पर खेला जा रहा है। पिछली कुछ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में शिखर धवन को टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी को निभाते हुए देखा गया है। जिसमें उन्होंने अभी तक काफी शानदार तरीके से अपने जिम्मेदारी को निभाया है। भले ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में टीम को 9 रनों की करीबी हार का सामना करना पड़ा।
वहीं दूसरी तरफ यह भी कहा जा सकता है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शिखर धवन का टी-20 फॉर्मेट में अब करियर लगभग खत्म हो चुका है जिसमें वह पिछले काफी समय से खेलते हुए नहीं दिखाई दिए हैं। धवन ने भी अपना पूरा ध्यान अब वनडे फॉर्मेट में बेहतर प्रदर्शन करने पर लगा दिया है, ताकि वह अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा रह सके।
इसी को लेकर पूर्व भारतीय चयनकर्ता सबा करीम ने इंडिया न्यूज पर बात करते हुए कहा कि, वनडे वर्ल्ड कप के लिए शिखर धवन की टीम में जगह को पूरी तरह के पक्का माना जाना चाहिए। अब इसको लेकर उनपर कोई अतिरिक्त दबाव भी नहीं डालना चाहिए। पिछले काफी समय से देखने को मिला है कि धवन किसी 1 या 2 मैच में ही प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। मुझे लगता है कि चयनकर्ताओं ने भी फैसला कर लिया है कि रोहित शर्मा और शिखर धवन ही साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में टीम के लिए ओपनिंग करेंगे।
हार्दिक पांड्या एक बल्लेबाजी ऑलराउंडर हैं तो शार्दुल ठाकुर एक गेंदबाजी ऑलराउंडर – सबा करीम
इसके अलावा सबा करीम ने अपने बयान में आगे कहा कि, वनडे वर्ल्ड कप के लिए शायद शार्दुल ठाकुर को टीम में जगह ना मिले क्योंकि हार्दिक पांड्या को उनसे पहले तरजीह दी जाएगी। जो मध्यक्रम में बतौर बल्लेबाज काफी अहम भूमिका निभा सकते हैं, जिसके मुकाबले शार्दुल की बल्लेबाजी उतनी बेहतर नहीं है।
सबा करीम ने कहा कि, शार्दुल ठाकुर एक काफी शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन हार्दिक पांड्या एक बल्लेबाजी ऑलराउंडर हैं, जबकि शार्दुल एक गेंदबाजी ऑलराउंडर जो दोनों के बीच में एक बड़ा अंतर पैदा करता है। हम शार्दुल को बतौर बल्लेबाज बेहतर कर सकते हैं लेकिन मैं उन्हें भारत का नंबर-1 या नंबर-2 गेंदबाज लिमिटेड ओवर्स में बनते हुए नहीं देख रहा है। वह एक तीसरे गेंदबाज के तौर पर टीम में खेल सकते हैं, जिसमें उनकी बल्लेबाजी भी काफी महत्वपूर्ण मानी जाएगी।