रांची के मैदान पर विराट कोहली के बाद ये खास रिकॉर्ड बनाने वाले दूसरे भारतीय बने अय्यर
विराट कोहली के बाद श्रेयस अय्यर दूसरे ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने रांची में शतक जड़ा है।
अद्यतन - Oct 10, 2022 2:57 pm

रांची में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। इस मैच में श्रेयस अय्यर ने अपने बेहतरीन फॉर्म को जारी रखते हुए नाबाद शतक जड़ा और उनके इसी शतक की बदौलत भारतीय टीम ने इस सीरीज में बराबरी की। यही नहीं उन्होंने इस पारी के बाद एक खास लिस्ट में विराट कोहली की बराबरी भी की।
बता दें, पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 278 रन बनाए। टीम की ओर से रीज़ा हेंड्रिक्स ने 76 गेंदों में 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 74 रन बनाए जबकि एडन मार्करम ने 89 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्के की मदद से 79 रन की पारी खेली।
जवाब में भारतीय टीम ने श्रेयस अय्यर के 111 गेंदों में 113* रन की शानदार शतकीय पारी की बदौलत इस मैच को 45.5 ओवर में ही जीत लिया। अय्यर ने अपनी पारी में 15 चौके जड़े। उनके अलावा इशान किशन ने 84 गेंदों में 93 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 7 छक्के जड़े।
विराट कोहली के बाद रांची में शतक बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने श्रेयस अय्यर
बता दें, श्रेयस अय्यर विराट कोहली के बाद दूसरे ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने रांची में शतक जड़ा है। बता दें, कोहली ने दो बार यहां पर ऐसा कारनामा किया है, पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2019 में 123 रन और दूसरी बार 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 139* रन। सभी देशों के खिलाड़ियों को मिलाकर श्रेयस अय्यर चौथे ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने रांची में शतक जड़ा है। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के अलावा ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा और श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज ने यह उपलब्धि हासिल की है।
2022 में अभी तक श्रेयस अय्यर ने वनडे प्रारूप में काफी कमाल की बल्लेबाजी की है। उन्होंने 9 पारियों में 57.25 के औसत से 458 रन बनाए हैं जिसमें 4 अर्धशतक और 1 शतक मौजूद है। श्रेयस अय्यर को दूसरे वनडे मुकाबले में उनकी बेहतरीन पारी की वजह से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवार्ड से नवाजा गया। इन दोनों टीमों के बीच तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला 11 अक्टूबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।