भारत के खिलाफ T20I सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका ने किया अपनी टीम का ऐलान, इस युवा खिलाड़ी को मिला पहली बार मौका
इस सीरीज के लिए ट्रिस्टन स्टब्स को पहली बार टी-20 इंटरनेशनल टीम में चुना गया है।
अद्यतन - May 18, 2022 3:35 pm

दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ आगामी पांच मैचों की T20I सीरीज के लिए एक मजबूत टीम का ऐलान किया है, जो 9 जून से शुरू होगा। यह तेम्बा बावुमा के लिए 2021 टी-2 वर्ल्ड कप के बाद पहली अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी और वो इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। इस सीरीज के लिए जहां चयनकर्ताओं ने अधिकतर अनुभवी खिलाड़ी को टीम में रखा है, वहीं उन्होंने कुछ युवा चेहरों को भी मौका दिया है।
ट्रिस्टन स्टब्स, जिन्होंने हाल ही में आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए अपना डेब्यू किया था उन्हें भी पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर वेन पर्नेल को 2017 के बाद दक्षिण अफ्रीकी टी-20 टीम में जगह मिली है। वहीं तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया ने भी चोट से उबरने के बाद अपनी राष्ट्रिय टीम में वापसी की है और उनसे भी सभी को काफी उम्मीदें हैं।
टीम के अधिकतर खिलाड़ी जैसे क्विंटन डी कॉक, एडिन मार्करम, डेविड मिलर और कगिसो रबाडा वर्तमान में चल रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में हिस्सा ले रहे हैं और वो आईपीएल खत्म होने के बाद आगामी सीरीज के लिए अपनी टीम के साथ जुड़ेंगे।
अफ्रीकी खिलाड़ियों के पास होगा आईपीएल खेलने का अनुभव
दक्षिण अफ़्रीकी क्रिकेट बोर्ड के चयनकर्ताओं के संयोजक विक्टर म्पित्सांग ने कहा कि, “यह वो दक्षिण अफ्रीकी टीम है , जिसे हमने लंबे समय से नहीं देखा है। इसमें से कई खिलाड़ी इस वक्त आईपीएल में खेल रहे हैं , जिस वजह से उन सभी के पास उन परिस्थितियों में खेलने का अच्छा अनुभव होगा। जब वो सभी खिलाड़ी इस सीरीज में खेलने के लिए उतरेंगे तो उन सभी से उम्मीद होगी कि वो वहां अच्छा प्रदर्शन करें।”
वहीं उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स को लेकर कहा कि, वो एक अच्छे खिलाड़ी हैं और हम यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि वह अपनी भूमिका को किस तरह से निभाते हैं। हम तेंबा बवूमा, तबरेज शम्सी और केशव महाराज के साथ हेंड्रिक्स, हेनरिक क्लासेन और वेन पर्नेल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी की उम्मीद कर रहे हैं। बता दें कि टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के शुरू होने में कुछ महीने बचे हैं, ऐसे में दोनों ही टीमों के लिए यह सीरीज काफी महत्वपूर्ण होगी।
भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम
तेंबा बवूमा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, रीजा हेंड्रिक्स, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, एडिन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एन्गीडी, एनरिक नॉर्खिया, वेन पर्नेल, ड्वेन प्रिटोरियस, कगिसो रबाडा, तबरेज शम्सी , ट्रिस्टान स्टब्स, रीस वैन डर डुसेन, मार्को यान्सिन।