वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय नेत्रहीन क्रिकेट टीम को खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने किया सम्मानित
भारतीय टीम ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बैंगलोर में खेले गए फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 120 रन से मात दी थी।
अद्यतन - Dec 20, 2022 4:04 pm

भारतीय नेत्रहीन क्रिकेट टीम ने हाल ही में तीसरा नेत्रहीन टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया जिसके बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री और केंद्रीय युवा अफेयर मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने टीम के खिलाड़ियों को एक समारोह में सम्मानित किया। बता दें, टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को लगातार तीन बार अपने नाम किया है।
इस अवसर पर टीम के सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ भी मौजूद थे। उनके अलावा निसिथ प्रमाणिक, माननीय राज्य मंत्री, गृह मंत्रालय और MYAS राज्य मंत्री डॉ महंतेश जीके भी इस अवसर पर उपस्थित थे। भारतीय नेत्रहीन टीम के कप्तान अजय रेड्डी भी इस शानदार समारोह में शामिल हुए।
कप्तान अजय कुमार रेड्डी और कोच आसिफ बाशा की अगुवाई वाली टीम का ढोल-नगाड़ों की आवाज के बीच जोरदार स्वागत किया गया। अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री और केंद्रीय युवा अफेयर मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि, ‘ भारतीय टीम ने इस ट्रॉफी को जीतकर ना ही सिर्फ सभी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है बल्कि उन्होंने यह काम लगातार तीसरी बार किया है और मुझे पूरी उम्मीद है कि वो आगे भी ऐसा करेंगे। नरेंद्र मोदी सरकार ने हमेशा दिव्यांग खिलाड़ियों का समर्थन किया है और हम उनका समर्थन करते रहेंगे ताकि वह देश को और अधिक सम्मान दिला सके और उन्हें गौरवान्वित कर सकें।’
भारतीय नेत्रहीन टीम ने फाइनल में बांग्लादेश को दी थी मात
बता दें, भारतीय टीम ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बैंगलोर में खेले गए फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को 120 रन से मात दी थी। टीम के सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन किया था।
डॉक्टर जीके महंतेश ने CABI के लिए समर्थन मांगते हुए दो स्मृति चिन्ह प्रस्तुत किए। पहला स्मृति चिन्ह भारतीय नेत्रहीन क्रिकेटरों को दिया गया जबकि दूसरा CABI का समर्थन देने के लिए और नेत्रहीन खिलाड़ियों का पोषण करने के लिए दिया गया।
डॉक्टर जीके महंतेश ने कहा कि, ‘MYAS का मैं शुक्रिया अदा करना चाहूंगा कि उन्होंने CABI का साथ दिया और नेत्रहीन खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर उन्होंने काफी मदद की। मैं यही दुआ करता हूं कि आगे भी वो ऐसे ही समर्थन करते रहें ताकि CABI और भी खिलाड़ियों की मदद कर सके और साथ ही महिला क्रिकेटरों को भी इस खेल से जोड़ सकें।’