दिमुथ करुणारत्ने जल्द ही काउंटी चैंपियनशिप 2022 में अल्पावधि के लिए एक्शन में आएंगे नजर
श्रीलंका के टेस्ट कप्तान ने यॉर्कशायर के साथ अल्पकालिक अनुबंध साइन किया है।
अद्यतन - अप्रैल 20, 2022 4:02 अपराह्न

श्रीलंका के टेस्ट कप्तान दिमुथ करुणारत्ने जल्द ही जारी काउंटी चैंपियनशिप 2022 में इंग्लिश काउंटी टीम यॉर्कशायर के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे। उन्होंने यॉर्कशायर के साथ अल्पकालिक अनुबंध साइन किया है।
वह यॉर्कशायर के लिए 21 अप्रैल को वांटेज रोड पर नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ खेले जाने वाले काउंटी चैंपियनशिप 2022 मैच के लिए उपलब्ध हो सकते है। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि दिमुथ करुणारत्ने बाएं-हाथ के बल्लेबाज एडम लिथ के साथ यॉर्कशायर के लिए पारी की शुरुआत करेंगे।
आपको बता दें, दिमुथ करुणारत्ने अब इस सत्र में यॉर्कशायर द्वारा अनुबंधित किए गए तीसरे एशियाई विदेशी क्रिकेटर बन गए हैं। श्रीलंकाई बल्लेबाज के अलावा, पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रउफ ने भी काउंटी चैंपियनशिप 2022 के पहले छह मैचों के लिए यॉर्कशायर के साथ करार किया है। जबकि एक और पाकिस्तानी क्रिकेटर, ऑलराउंडर शादाब खान, विटैलिटी टी-20 ब्लास्ट के लिए यॉर्कशायर से जुड़ेंगे।
दिमुथ करुणारत्ने ने यॉर्कशायर के साथ तीन मैचों के लिए अनुबंध किया
यॉर्कशायर क्रिकेट के अंतरिम निदेशक डैरेन गॉफ ने ESPNCricinfo के हवाले से बताया: “हमें खुशी है कि दिमुथ अगले तीन चैम्पियनशिप मैचों के लिए हमारे साथ जुड़ेंगे। उन्होंने खुद को श्रीलंका के लिए एक असाधारण कप्तान साबित किया है, और एक जबरदस्त टेस्ट-मैच बल्लेबाज है। हमारे ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को उनकी उपस्थिति मात्र से ही फायदा हो सकता है, और मुझे यकीन है कि उन सभी को उनसे बहुत कुछ सिखने को मिलेगा। मुझे विश्वास है कि दिमुथ रनों का योगदान देंगे और यॉर्कशायर में अपने समय का भरपूर आनंद उठाएंगे।”
आपको बता दें, दिमुथ करुणारत्ने ने श्रीलंका के लिए 76 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 39.57 की औसत से 5,620 टेस्ट रन बनाए हैं। बाएं-हाथ के बल्लेबाज ने अब तक 14 शतक भी लगाए हैं। इसके अलावा, उन्होंने 34 वनडे मैचों में 6 अर्धशतकों कि मदद से 767 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने पिछले 8 टेस्ट मैचों में 5 शतक लगाए हैं, जिसमें अप्रैल 2021 में पल्लेकेले में बांग्लादेश के खिलाफ उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ 244 रनों की पारी शामिल हैं।