श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया ने जीती सीरीज, लेकिन फिर भी इस बात से चिंतित हैं सुनील गावस्कर
गावस्कर ने भारत को डेथ ओवर में गेंदबाजी को लेकर चिंतित होने की सलाह दी है।
अद्यतन - Feb 28, 2022 8:37 pm

भारत और श्रीलंका के बीच 27 फरवरी को समाप्त हुई टी-20 सीरीज को मेजबान ने 3-0 से अपने नाम किया। रोहित शर्मा की कप्तानी में सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत की यह लगातार तीसरी सीरीज जीत है। 27 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ हुए आखिरी मुकाबले में मेहमान टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम को 147 रनों का लक्ष्य दिया। भारतीय टीम ने लक्ष्य को 17 गेंद रहते हासिल कर लिया।
हालांकि भारतीय टीम ने अपने सलामी बल्लेबाजों का विकेट जल्दी खो दिया। उसके बाद श्रेयस अय्यर ने 45 गेंदों में 9 चौकों और एक छक्के की मदद से 73 रनों की तूफानी पारी खेली। श्रेयस अय्यर सीरीज के तीनों मुकाबलों में शानदार अर्धशतकीय पारियां खेली और इसलिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
इस बीच भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने भारतीय टीम के गेंदबाजी क्रम को लेकर टिप्पणी की है। गावस्कर का मानना है कि डेथ ओवरों में टीम इंडिया की गेंदबाजी चिंता का विषय है। गावस्कर के अनुसार यह एक ऐसा मुद्दा है जिस पर भारत को विचार करने की जरूरत है। इसके अलावा उन्होंने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के प्रदर्शन की प्रसंशा की।
“बुमराह के खिलाफ हिट करना आसान बात नहीं”- सुनील गावस्कर
गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान कहा कि, “भारतीय टीम को अपने गेंदबाजी क्रम पर ध्यान देना चाहिए। यह चिंता का संकेत नहीं है, लेकिन यह कुछ ऐसा है जिस पर उन्हें ध्यान देना होगा क्योंकि वे इसे नियमित रूप से नहीं कर सकते हैं। एक मैच में ऐसा होता है- यह प्रारूप की प्रकृति है। आखिरी में पांच-छह ओवर में साझेदारी हो सकती है जहां आपको 80-90 रन मिलेंगे जैसा की हमने देखा।”
उन्होंने श्रीलंका के कप्तान की तारीफ करते हुए कहा कि, “शनाका ने शानदार बल्लेबाजी की। हमने बुमराह के खिलाफ सभी बल्लेबाजों के शॉट को देखें, बुमराह के खिलाफ शॉट खेलना आसान बात नहीं है। उन्हें डेथ ओवर गेंदबाजों के बारे में चिंता करने की जरूरत है – जिन्हें पहले 10 और आखिरी आठ ओवर में गेंदबाजी करना है। ये ऐसे मुद्दे हैं जिन पर भारत को सोचने की जरूरत है।”