टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अक्षर पटेल भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हो सकते हैं: आकाश चोपड़ा - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अक्षर पटेल भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हो सकते हैं: आकाश चोपड़ा

अगर देखा जाए तो अक्षर पटेल ने पिछले वर्ल्ड कप के बाद 13 मुकाबले खेले हैं। उन्होंने इन मुकाबलों में लगभग आठ के इकोनामी रेट के साथ 12 विकेट्स हासिल किए हैं। स्ट्राइक रेट भी इतना बुरा नहीं है: आकाश चोपड़ा

aakash chopra and axar patel
aakash chopra and axar patel

आकाश चोपड़ा का मानना है कि भले ही अक्षर पटेल का गेंदबाजी प्रदर्शन IPL 2022 में इतना खास ना रहा हो लेकिन आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में वो गेंदबाजी में विकेट लेने वाले विकल्प बन सकते हैं। बता दें, एशिया कप 2022 में अक्षर पटेल को भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। यह प्रतियोगिता 27 अगस्त से UAE में खेली जाएगी। हालांकि पटेल का नाम इस टूर्नामेंट में तीन रिजर्व खिलाड़ियों में शुमार किया गया है। इसके साथ ही टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी चयनकर्ता उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने को देखेंगे।

अपने यूट्यूब चैनल में वीडियो को साझा करते हुए चोपड़ा ने उन स्पिनरों पर जोर डाला है जो टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में शामिल हो सकते हैं। रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा, रवि बिश्नोई और कुलदीप यादव के साथ अक्षर पटेल के बारे में चोपड़ा ने कहा कि, ‘अगर देखा जाए तो अक्षर पटेल ने पिछले वर्ल्ड कप के बाद 13 मुकाबले खेले हैं।

उन्होंने इन मुकाबलों में लगभग आठ के इकोनामी रेट के साथ 12 विकेट्स हासिल किए हैं। स्ट्राइक रेट भी इतना बुरा नहीं है। IPL 2022 में उनका प्रदर्शन इतना अच्छा नहीं था। 53 के औसत और 7.5 के इकोनामी रेट से उन्होंने 13 मुकाबलों में 6 विकेट्स झटके थे।

उन्होंने आगे कहा कि, ‘एक बार फिर से अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन- ये तीनों ही गेंदबाज आपको सभी मुकाबलों में एक या दो विकेट्स चटकाकर नहीं देंगे। हां ये आपके लिए दो मुकाबलों में एक या तीन मुकाबलों में दो विकेट्स चटका सकते हैं।

हमें नहीं पता कि वाशिंगटन सुंदर कब खेलेंगे: आकाश चोपड़ा

वाशिंगटन सुंदर के लगातार चोटिल होने को लेकर आकाश चोपड़ा ने कहा कि, ‘2 नाम और भी है वरुण चक्रवर्ती और वाशिंगटन सुंदर। सुंदर एक बार फिर से चोटिल हो गए हैं और हमें नहीं पता कि वो जिंबाब्वे जा भी पाएंगे या नहीं। हमें नहीं पता कि वह कब खेलेंगे।

वरुण चक्रवर्ती को लेकर आकाश चोपड़ा ने कहा कि, ‘चक्रवर्ती पूरी तरह से कहीं गायब हो गए हैं। उन्होंने वर्ल्ड कप के बाद से एक भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है। IPL 2022 में भी उनका प्रदर्शन काफी साधारण रहा। 11 मुकाबलों में 6 विकेट्स बस।

close whatsapp