टी-20 वर्ल्ड कप 2022: दो भारतीय खिलाड़ी, दो अलग-अलग लिस्ट में करेंगे टॉप, वसीम जाफर ने की बड़ी भविष्यवाणी
प्रशंसक ने पूछा कि, 'टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में कौन सबसे ज्यादा विकेट लेगा और कौन सबसे ज्यादा रन बनाएगा? इसपर वसीम जाफर ने जवाब दिया कि, 'विराट कोहली और अर्शदीप सिंह।'
अद्यतन - अक्टूबर 28, 2022 2:11 अपराह्न

इस समय ऑस्ट्रेलिया में ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 खेला जा रहा है और अभी तक तमाम प्रशंसकों ने कई शानदार मुकाबलों का लुफ्त उठाया है। बता दें, 27 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में जिंबाब्वे ने पाकिस्तान को 1 रन से मात दी। यही नहीं इससे पहले बारिश बाधित मुकाबले में आयरलैंड ने इंग्लैंड को 5 रन से हराया था।
इस बार तमाम छोटी टीमें बड़ी टीमों को तगड़ी चुनौती दे रही है। अभी तक हुए टूर्नामेंट को देखकर यह बिल्कुल नहीं कहा जा सकता कि वो कौन सी चार टीमें होंगी जो सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाएगी। हालांकि क्रिकेट जगत के तमाम लोगों ने टीमों को लेकर अपनी-अपनी भविष्यवाणी की है।
सिर्फ सेमीफाइनल की टीमें ही नहीं बल्कि इस चीज को लेकर भी काफी सवाल उठ रहे हैं कि वो कौन से खिलाड़ी होंगे जो इस मुख्य टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा विकेट चटकाएंगे। इस समय सभी टीमें काफी शानदार प्रदर्शन कर रही है और आने वाले मुकाबलों में इनका प्रदर्शन देखने लायक होगा। इसी को लेकर भारत के पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर ने इस चीज को लेकर अपना पक्ष रखा है।
वसीम जाफर ने अपने खिलाड़ियों को चुना
भारत के पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर को ट्विटर में एक प्रशंसक ने पूछा कि उनके हिसाब से कौन इस मुख्य टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेगा और कौनसा खिलाड़ी सबसे ज्यादा रन बनाएगा? सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर क्रिक्ट्रैकर द्वारा साझा किए गए एक ट्वीट में जाफर ने प्रशंसक के सवाल का जवाब दिया।
प्रशंसक ने पूछा कि, ‘टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में कौन सबसे ज्यादा विकेट लेगा और कौन सबसे ज्यादा रन बनाएगा? इसपर वसीम जाफर ने जवाब दिया कि, ‘ विराट कोहली और अर्शदीप सिंह।’
बता दें, विराट कोहली समय अपने बेहतरीन फॉर्म में है। उन्होंने अभी तक इस टूर्नामेंट में 2 मुकाबले खेले हैं और दोनों में अर्धशतक जड़ा है। इस फॉर्म को देखकर यह आशंका लगाई जा सकती है कि विराट कोहली ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सबसे ज्यादा रन बनाने वाली सूची में टॉप करेंगे।
वहीं अर्शदीप सिंह ने 2 मुकाबलों में 5 विकेट चटकाए हैं और उम्मीद की जा सकती है कि वो इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाली सूची में टॉप करें। नई गेंद से उनका प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। अब देखना यह होगा कि आने वाले मुकाबलों में भारत का यह युवा तेज गेंदबाज कैसा प्रदर्शन करता है।