रोहित ने कोहली के लिए उनके 100वें टेस्ट मैच को बनाया और भी खास, पूरी टीम ने किया उन्हें सम्मानित
यह मुकाबला बतौर खिलाड़ी विराट कोहली के लिए 100वां टेस्ट मैच है।
अद्यतन - मार्च 5, 2022 4:20 अपराह्न

भारत और श्रीलंका के बीच मोहाली में टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन पूर्व कप्तान विराट कोहली को साथी खिलाड़ियों ने गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। यह कोहली के करियर का 100वां टेस्ट मैच है। विराट ने टेस्ट मैचों में अब तक कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। वो 100 या इससे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले 12वें भारतीय खिलाड़ी हैं।
33 वर्षीय विराट इस टेस्ट मैच की पहली पारी में कुछ खास कमाल नहीं कर सके और 45 के व्यक्तिगत स्कोर पर लसिथ एम्बुलडेनिया की गेंद पर आउट हुए। हालांकि भारत के नए ऑल-फॉर्मेट कप्तान रोहित शर्मा ने पूर्व कप्तान के लिए इस टेस्ट मैच को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी और उन्होंने टेस्ट मैच की दूसरे दिन पूरी टीम के साथ उन्हें खास सम्मान दिया।
मोहाली टेस्ट में भारत ने दूसरे दिन 8 विकेट के नुकसान के साथ 574 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी मैदान पर फील्डिंग के लिए आने वाले थे। इससे पहले सभी ने कोहली को गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। यह सम्मान उनके 100वें टेस्ट मैच के लिए दिया गया और इसका वीडियो बीसीसीआई ने ट्वीट किया है।
यहां देखिए विराट और टीम इंडिया का वीडियो
The smile on @imVkohli's face says it all.#TeamIndia give him a Guard of Honour on his landmark Test.#VK100 @Paytm #INDvSL pic.twitter.com/Nwn8ReLNUV
— BCCI (@BCCI) March 5, 2022
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का विकल्प चुनकर बोर्ड पर एक बड़ा स्कोर खड़ा किया। 574 रनों पर पारी घोषित होने से पहले रवींद्र जडेजा 175 रन बनाकर नाबाद रहे, यह उनका सर्वश्रेष्ठ टेस्ट स्कोर था। एक वक्त ऐसा लगा कि उन्हें अपना दोहरा शतक बनाने का मौका दिया जाएगा। लेकिन अंत में, रोहित शर्मा ने श्रीलंका को दो बार आउट करने के लिए आवश्यक समय को ध्यान में रखते हुए घोषणा करने का फैसला किया।
जडेजा के अलावा, ऋषभ पंत ने 96 रनों की शानदार पारी खेली। वह अपने पांचवें टेस्ट शतक से चूक गए और सुरंगा लकमल ने उन्हें आउट किया। हनुमा विहारी भी लाइन-अप में चेतेश्वर पुजारा की जगह तीसरे नंबर पर अच्छी पारी खेली। वहीं श्रीलंका की पारी की बात करें तो फिलहाल मेहमान टीम 79 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा चुकी है।