ENG vs AUS: लॉर्ड्स के मैदान में दोनों टीमों के आंकड़े क्या कहते हैं? जानिए किसका है दबदबा
ऑस्ट्रेलिया 5 मैचों की एशेज सीरीज में 1-0 से आगे है।
अद्यतन - जून 27, 2023 4:12 अपराह्न

बर्मिंघम में हुए पहले एशेज टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हारने के बाद इंग्लैंड की टीम लॉर्ड्स में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए तैयार है। यह मुकाबला 28 जून से शुरू होगा। ऑस्ट्रेलिया 5 मैचों की एशेज सीरीज में 1-0 से आगे है। पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के लिए उस्मान ख्वाजा ने दोनों पारियों में जबरदस्त खेल दिखाया। जहां उन्होंने पहली पारी में शतक बनाया, वहीं दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ा।
वहीं कप्तान पैट कमिंस और नाथन लियोन ने भी ऑलराउंड प्रदर्शन किया। ट्रेविस हेड ने भी जबरदस्त बल्लेबाजी की थी। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया जीत के प्रदर्शन को बरकरार रखना चाहेगी। दूसरी तरफ इंग्लैंड एजबेस्टन की हार से सबक लेते हुए आगे बढ़ना चाहेगी।
पहले टेस्ट में बेन स्टोक्स के इंग्लैंड की पहली पारी पहले ही दिन 393/8 पर घोषणा करने के फैसले से सभी हैरान थे। और वो भी तब जब जो रूट शतक जमाने के बाद क्रीज पर मौजूद थे। उनके इस फैसले की काफी आलोचना भी हुई। रूट ने नाबाद 118 रन बनाए, जबकि जॉनी बेयरस्टो और जैक क्रॉली ने भी अच्छी बल्लेबाज की। हालांकि, दूसरी पारी में सभी बल्लेबाजों को शुरुआत तो मिली, लेकिन कोई इसे बड़ी पारी में बदल नहीं सका।
दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड अपनी रणनीतियों में बदलाव कर सकती है। टीम जेम्स एंडरसन की जगह मार्क वुड को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकती है।
एशेज में इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
एशेज के इतिहास में दोनों टीमों के बीच 341 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से ऑस्ट्रेलिया ने 141 मैच जीतने के साथ अपना दबदबा बनाया है, जबकि इंग्लैंड ने कुल 108 मुकाबले जीते हैं। इसके अलावा 92 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।
| मैच खेले | ऑस्ट्रेलिया | इंग्लैंड | ड्रॉ |
| 341 | 141 | 108 | 92 |
लॉर्ड्स में टेस्ट रिकॉर्ड और आंकड़े
इस मैदान पर गेंदबाजों का रिकॉर्ड शानदार रहा है। जहां तेज गेंदबाजों ने 144 मैचों में 29 की औसत से 3102 विकेट लिए हैं, वहीं स्पिनर्स ने 33.64 की औसत से 1038 विकेट लिए हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 51 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 42 मुकाबले अपने नाम किए हैं। 51 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। इस पिच पर पहली पारी का औसत स्कोर 310 है। टॉस जीतकर टीम अक्सर परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने के लिए लक्ष्य का पीछा करना पसंद करती है।
इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया उच्चतम और न्यूनतम स्कोर
इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का उच्चतम स्कोर 729 है, जबकि सबसे कम स्कोर 36 है।
वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड का उच्चतम स्कोर 903 है, जबकि सबसे कम स्कोर 45 है।
टॉप खिलाड़ी जिन पर रहेगी निगाहे
ऑस्ट्रेलिया: स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, स्कॉट बोलैंड
इंग्लैंड: जो रूट, बेन स्टोक्स, जेम्स एंडरसन
इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया फुल स्क्वाड
ऑस्ट्रेलियाई टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्टीव स्मिथ (उपकप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मार्कस हैरिस, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिचेल मार्श , टॉड मर्फी, जिमी पीयरसन (विकेटकीपर), मैट रेनशॉ, मिचेल स्टार्क, डेविड वार्नर।
इंग्लैंड टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), जेम्स एंडरसन, जॉनी बेयरस्टो, स्टुअर्ट ब्रॉड, हैरी ब्रुक, जैक क्रॉली, बेन डकेट, डैन लॉरेंस, मोइन अली, ओली पोप, मैथ्यू पॉट्स, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जोश टंग, क्रिस वोक्स, मार्क वुड।
ये भी पढ़ें- इंग्लैंड के वर्ल्ड कप शेड्यूल 2023 के बारे में जाने यहां