'जिम में ज्यादा और मैदान में कम वक्त बिताते हैं'- सुनील गावस्कर ने बताया आखिर क्यों लगातार चोटिल हो रहे हैं भारतीय गेंदबाज - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘जिम में ज्यादा और मैदान में कम वक्त बिताते हैं’- सुनील गावस्कर ने बताया आखिर क्यों लगातार चोटिल हो रहे हैं भारतीय गेंदबाज

सुनील गावस्कर ने कहा कि, बहुत ज्यादा जिम और बहुत कम नेट बॉलिंग मुख्य समस्या है।

Sunil Gavaskar (Photo Source: Twitter)
Sunil Gavaskar (Photo Source: Twitter)

भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने पर अपनी राय रखी है। उनका मानना है कि खिलाड़ियों के चोटिल होने का मुख्य कारण फिटनेस पर ध्यान ना देना है। दरअसल हाल ही में खेले गए मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच मैच में CSK के खिलाड़ी दीपक चाहर चोटिल होकर बाहर हो गए। जिसके बाद उनके खेलने पर अब संदेह बना हुआ है।

वहीं खिलाड़ियों के चोटिल होने का कारण सुनील गावस्कर ने फिटनेस की कमी बताई है। बता दें एक मिडिया हाउस को दिए इंटरव्यू में सुनील गावस्कर ने कहा कि, गेंदबाजी विभाग में प्रतिभा की कमी नजर आती है। हालांकि यह समझ आता है कि टी20 प्रारूप गेंदबाजों के लिए कठिन होता है। लेकिन गेंदबाजों के चोटिल होने की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।

बहुत ज्यादा जिम और बहुत कम नेट बॉलिंग मुख्य समस्या है- सुनील गावस्कर 

सुनील गावस्कर ने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि, बहुत ज्यादा जिम और बहुत कम नेट बॉलिंग मुख्य समस्या है। बायोमैकनिस का सुझाव है कि गेंदबाजों को नेट सत्र में 20 से ज्यादा गेंद नहीं फेकना चाहिए। उन्हें इस पर ध्यान देना चाहिए।

सुनील गावस्कर ने कहा कि, मेरी पीढ़ी के गेंदबाज नेट्स में काफी गेंदबाजी करते थे और जब मैच में गेंदबाजी की बात आती थी तो उनकी बॉडी इसके लिए पहले से तैयार रहती थी। इसके साथ ही उन्होंने बल्लेबाजों की कमियों के बारे में भी बात करते हुए कहा कि, पुल शॉट कई भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी रही है और अब यह युवा खिलाड़ियों की भी कमजोरी बनती जा रही है।

उन्होंने कहा कि, पिछले कुछ सालों में यह देखने को मिला है कि गेंदबाजों को जहां भी थोड़ा सा बाउंस मिलता है वहां भारतीय बल्लेबाज दिक्कत में नजर आते हैं। यह बिल्कुल भी अच्छा संकेत नहीं है। इसमें सुधार की जरूरत है।

close whatsapp