‘यह उसके करियर का टर्निंग पॉइंट है…’- अब्दूल समद की तारीफ करते नहीं थक रहे टॉम मूडी
अब्दूल समद ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 7 गेंदो में 17 रनों की नाबाद पारी खेली।
अद्यतन - मई 8, 2023 2:43 अपराह्न

आईपीएल 2023 का पिछला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला गया। हैदराबाद को जीत के लिए आखिरी गेंद पर 5 रनों की जरूरत थी। अब्दूल समद ने छक्का जड़ने की कोशिश की। लेकिन बाउंड्री पर तैनात जोस बटलर ने कैच पकड़ लिया।
लेकिन रिप्ले में पता चला कि संदीप शर्मा द्वारा डाली गई गेंद नो बॉल थी। जिसके बाद अगली फ्री हिट गेंद पर छक्का जड़ा अब्दूल समद ने टीम को 4 विकेट से जीत दिलाई। अब्दुल समद ने 7 गेंदो में 2 छक्कों की मदद से 17 रनों की पारी खेली। अब्दूल समद की मैच विनिंग पारी के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के पूर्व कोच टॉम मूडी ने बड़ा बयान दिया है।
मैनेजमेंट और फ्रेंचाइजी को आत्मविश्वास आया होगा- टॉम मूडी
अब्दूल समद के शानदार प्रदर्शन के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के पूर्व कोच टॉम मूडी ने ESPNCricinfo पर बात करते हुए कहा, ‘एक युवा उभरते हुए खिलाड़ी के रूप में अब्दूल समद के पास गेंद को ग्राउंड के बाहर हिट करने की क्षमता है। वह मुझे युवा युसूफ पठान की याद दिलाते हैं। उसके पास क्षमता और शक्ति दोनों है यह बहुत कठिन रोल है।’
टॉम मूडी ने आगे कहा, ‘उम्मीद है कि मैनेजमेंट और फ्रेंचाइजी दोनों को ही काफी ज्यादा आत्मविश्वास आया होगा क्योंकि उन्हें एक सही बल्लेबाज मिल चुका है। आप खिलाड़ी के आत्मविश्वास के बारे में भूल जाइए। आप जहां कहीं भी हो आपको एक संगठन के भरोसे की जरूरत होती है। और मुझे लगता है कि यदि आप पिछले दो वर्षों में उनके अनियमित चयन को देखते हैं तो यह उसके करियर का टर्निंग पॉइंट है।’
मैं अब्दूल को फुल मार्क्स दूंगा- हेमंग बदानी
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में टीम को आखिरी 6 गेंदो में 9 रनों की जरूरत थी। लेकिन उस मैच में अब्दूल समद टीम को जीत नहीं दिला पाए थे और वो खुद से काफी दुखी थे। टीम के बल्लेबाजी कोच हेमंग बदानी का कहना है कि उस मैच के बाद अब्दूल समद ने वापसी की।
हेमंग बदानी ने खुलासा किया कि मैच फिनिश ना कर पाने पर अब्दूल समद काफी ज्यादा नाखुश थे और इस चीज ने उनको बहुत ठेस पहुंचाई थी। हेमंग बदानी ने कहा, ‘मैं अब्दूल को फुल मार्क्स देना चाहूंगा। क्योंकि पिछले मैच के बाद वह पहले खिलाड़ी थे जो मेरे पास आए और कहा कि मुझे गेम को फिनिश करना चाहिए था।’