यूएई ने रचा इतिहास, दूसरे T20I में किया उलटफेर, न्यूजीलैंड को 7 विकेट से दी मात
यूएई ने दूसरे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया।
अद्यतन - Aug 20, 2023 11:22 am

न्यूजीलैंड और यूएई के बीच चल रही सीरीज के दूसरे टी20 मैच में मेजबान UAE ने शानदार जीत दर्ज की और सीरीज को 1-1 से बराबर किया। आपको बता दें कि, सीरीज के पहले टी-20 मैच में कीवी टीम ने शानदार जीत दर्ज की। लेकिन दूसरे टी-20 मैच में यूएई ने बड़ा उलटफेर करते हुए कीवी टीम के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की।
मुकाबले की बात करें तो टॉस हारने के बाद न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। पारी की शुरुआत करने आए चाड बोवेस ने टीम को तेज शुरुआत दी लेकिन 21 रन बनाकर वो पवेलियन लौट गए। इसके बाद मार्क चैपमैन ने 46 गेंदों में 63 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। इसके अलावा, जेम्स नीशम की 21 रन की पारी के बदौलत कीवी टीम 142 रन तक पहुंचने में कामयाब रही।
यूएई के लिए अयान अफजल खान सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 20 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। उसके अलावा मुहम्मद जवादुल्लाह ने दो विकेट लिए। वहीं अली नसीर, जहूर खान और मोहम्मद फ़राज़ुद्दीन ने एक-एक विकेट लिया।
बल्लेबाजी में मुहम्मद वसीम ने यूएई के लिए किया कमाल
वहीं जब रन चेज की बारी आई तो यहां यूएई के बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अर्यांश शर्मा के शून्य पर आउट होने के बाद कप्तान मुहम्मद वसीम ने शानदार पारी खेली और 29 गेंदों में 55 रन बनाए। इसके अलावा वृत्ति अरविंद ने 25 रन बनाए, वहीं आसिफ खान ने 29 गेंदों में 48* रनों की पारी खेली।
शानदार बल्लेबाजी के बदौलत यूएई ने इस मैच को सात विकेट से मैच जीत लिया। वहीं गेंदबाजी की बात करें तो कीवी गेंदबाज कुछ खास कमाल नहीं कर सके। टिम साउदी, मिचेल सेंटनर और काइल जैमीसन ने एक-एक विकेट लिया, लेकिन इस दौरान उन्होंने बहुत अधिक रन दिए और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब दोनों टीमें तीसरे और अंतिम टी20I को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी, जो रविवार, 20 अगस्त को खेला जाएगा।