फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी पारी और जोश हेजलवुड की गेंदबाजी के दम पर RCB ने रोमांचक मुकाबले में LSG को दी मात - क्रिकट्रैकर हिंदी

फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी पारी और जोश हेजलवुड की गेंदबाजी के दम पर RCB ने रोमांचक मुकाबले में LSG को दी मात

RCB के लिए कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 96 रनों की शानदार पारी खेली।

Faf du Plessis. (Photo Source: IPL/BCCI)
Faf du Plessis. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 सीजन का 31वां लीग मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच में मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेला गया, जिसमें RCB की टीम ने 18 रनों से मैच को अपने नाम करने के साथ इस सीजन की 5वीं जीत दर्ज की। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB की तरफ से कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने शानदार 96 रनों की पारी खेली जिसके दम पर टीम ने 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 181 रन बना दिए।

फाफ की कप्तानी पारी ने टीम को निकाला मुश्किल हालात से

लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के कप्तान केएल राहुल ने इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद RCB टीम की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं हुई, पहले ही ओवर की 5वीं गेंद पर अनुज रावत और उसके बाद अगली गेंद पर विराट कोहली पवेलियन चलते बने। जिससे 7 के स्कोर पर ही टीम ने अपने 2 अहम खिलाड़ियों को गंवा दिया। जिसके बाद कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने एक छोर से टीम को संभालने का काम किया।

इसमें उन्हें मैक्सवेल 23 रन और उसके बाद शहबाज अहमद 26 रन का साथ मिला जिससे RCB की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाने में सफल हो सकी। डु प्लेसिस ने 64 गेंदों का सामना करते हुए 96 रन बनाए जिसमें 11 चौके और 2 शानदार छक्के शामिल थे। वहीं LSG टीम की तरफ से गेंदबाजी में चामीरा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

जोश हेजलवुड की शानदार गेंदबाजी ने LSG के बल्लेबाजों पर लगाई लगाम

182 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी LSG की टीम को 17 के स्कोर पर पहला झटका क्विंटन डी कॉक के रूप में लगा जो सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन चलते बने, वहीं इसके बाद मनीष पांडे भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और 6 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। यहां से कप्तान केएल राहुल ने क्रुणाल पांड्या के साथ मिलकर पारी को संभालने का प्रयास किया। जिसमें दोनों मिलकर स्कोर को 64 तक लेकर गए लेकिन राहुल को 30 के निजी स्कोर पर हर्षल पटेल ने पवेलियन भेज दिया।

यहां से LSG टीम के लिए मैच जीतना मुश्किल होता गया जिसमें एक छोर से लगातार अंतराल पर विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला। क्रुणाल पांड्या ने जरूर 42 रनों की पारी खेली लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुई। LSG की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 163 रन ही बनाने में सफल हो सकी। वहीं RCB की तरफ से इस मुकाबले में जोश हेजलवुड ने 4 विकेट हासिल किए वहीं हर्षल पटेल ने 2 जबकि मोहम्मद सिराज और ग्लेन मैक्सवेल ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

यहां पर देखिए RCB की जीत पर सभी ने सोशल मीडिया पर किस तरह की दी प्रतिक्रिया:

close whatsapp