अगर आप भारत के खिलाफ इस मैच को नहीं जीत सके तो मैं क्या ही बोल सकता हूं: वकार यूनुस ने पाकिस्तान टीम को लगाई जमकर फटकार
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बेहतरीन मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 रन से हराया।
अद्यतन - जून 10, 2024 11:37 पूर्वाह्न

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बेहतरीन मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 रन से हराया। इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और एक छोटे टोटल को बड़ी आसानी से डिफेंड कर लिया। वहीं पाकिस्तान के बल्लेबाज 120 रनों के लक्ष्य कों पाने में नाकाम रहे।
बता दें, एक समय पाकिस्तान काफी अच्छी स्थिति में थी और उन्हें अंतिम 10 ओवर में सिर्फ 63 रनों की जरूरत थी, जबकि टीम के 9 विकेट बचे हुए थे। हालांकि, पाकिस्तान ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और इसी वजह से उन्हें हार झेलनी पड़ी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 19 ओवर में 119 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 113 रन ही बना पाई।
वहीं पाकिस्तान की इस करारी हार पर पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर वकार यूनुस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पाकिस्तान टीम के सभी खिलाड़ियों को जमकर फटकार लगाई है। स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए वकार यूनुस ने कहा कि, ‘मुझे लगता है कि भारत ने पाकिस्तान को इस मैच को जीतने का अच्छा मौका दिया था, लेकिन उन्होंने काफी खराब बल्लेबाजी की। भारत इस मैच में आराम से 140 रन से 150 रन तक बना सकती थी। हालांकि अंत में उनके 7 विकेट जल्द गिर गए।’
‘लेकिन भारत की टीम काफी बैलेंस है। अगर उन्होंने बल्लेबाजी अच्छी तरह से नहीं की है तो गेंदबाजी में टीम के पास जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और जडेजा है। उन्होंने गेंदबाजी और फील्डिंग में सब बराबर कर दिया।’
पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया: वकार यूनुस
पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘पाकिस्तान अगर आप इस मैच को नहीं जीत सकते हैं तो मैं क्या ही बोल सकता हूं। यह मैच आपको प्लेट में मिला था और पाकिस्तान ने इसको पूरी तरह से अपने हाथ से दूर कर दिया। पाकिस्तान के बल्लेबाजों द्वारा यह बहुत ही खराब प्रदर्शन था। शुरुआत में उनकी कुछ साझेदारी हुई, लेकिन टीम मैच को फिनिश नहीं कर पाई।
पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए run-a-ball की जरूरत थी। मोहम्मद रिजवान द्वारा खेला गया शॉट काफी साधारण था और इसी वजह से उन्हें अपना विकेट खोना पड़ा। मुझे लग रहा था कि कुछ स्पेशल होने वाला है क्योंकि जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की काबिलियत के बारे में मुझे पता था। जैसा कि इरफान पठान ने कहा था कि अगर हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे तो वो गेंदबाजी से अपनी छाप छोड़ेंगे। हार्दिक ने भी काफी अच्छी गेंदबाजी की और पाकिस्तान के बल्लेबाजों के ऊपर लगातार दबाव डाला।’