वसीम अकरम ने पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाजों की खिंचाई करते हुए हालिया खराब प्रदर्शन के पीछे के कारण का खुलासा किया
वसीम अकरम ने पाकिस्तान के हालिया खराब प्रदर्शन के लिए टीम के हारने के डर को जिम्मेदार ठहराया।
अद्यतन - Jan 21, 2023 1:23 pm

महान पाकिस्तानी क्रिकेटर वसीम अकरम ने न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हालिया खराब प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय खिलाड़ियों के टी-20 क्रिकेट पर अत्यधिक ध्यान देने को जिम्मेदार ठहराया है।
आपको बता दें, क्रिकेट फैंस और कई क्रिकेट दिग्गजों ने घरेलू मैचों के दौरान पाकिस्तान की पिचों की आलोचना की, लेकिन जेम्स एंडरसन, ओली रॉबिन्सन और टिम साउदी जैसे विदेशी गेंदबाजों ने इन्ही पिचों पर मेजबान टीम के बल्लेबाजों को जमकर तंग किया और विकेट लिए। वहीं दूसरी ओर, नसीम शाह, हरिस रउफ और अन्य पाकिस्तानी गेंदबाज इन्ही विकेटों पर विकेट लेने के लिए संघर्ष करते रहे।
पैसों की बजाय खेल पर ध्यान दें पाकिस्तानी युवा: वसीम अकरम
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के घरेलू मैचों में हालिया खराब प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए महान तेज गेंदबाज ने कहा कि नसीम शाह, हरिस रउफ और मोहम्मद वसीम जूनियर को टेस्ट क्रिकेट में अपने प्रदर्शन को सुधारने के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वापसी करनी चाहिए। पूर्व पाकिस्तान कप्तान ने यह भी सुझाव दिया कि गेंदबाजों को दुनिया भर में टी-20 लीग में अधिक समय बिताने के बजाय खेल के लंबे प्रारूप के मैच खेलने में अधिक ध्यान देना चाहिए ताकि वह वनडे और टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर पाए।
वसीम अकरम ने क्रिकेट पाकिस्तान के हवाले से कहा, ‘अगर आपको सिर्फ चार ओवर डालने के लिए ज्यादा पैसे मिलते हैं, तो इस पर अधिक ध्यान देना आसान फैसला होगा। मुझे लगता है कि नसीम शाह, हरिस रउफ और वसीम जूनियर को प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलना चाहिए। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के अलावा, पाकिस्तानी गेंदबाजों को साल में 1-2 लीग जरूर खेलनी चाहिए, लेकिन उन्हें खेल के लंबे फॉर्मेट के मैचों पर भी ध्यान देने की बहुत ज्यादा जरूरत है। ध्यान दें; अगर हमारे पास समय है, तो हमें चार दिवसीय मैच खेलने पर ध्यान देना होगा।’
पाकिस्तान के हालिया प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए वसीम अकरम ने कहा, ‘इसका मुख्य कारण हारने का डर है। खेल में हार और जीत तो लगी रहती है, लेकिन हमें डरना नहीं चाहिए। मैं यह नहीं कहता कि ग्रीन टॉप पिचें तैयार करे, लेकिन पिचों पर थोड़ा तो उछाल होना चाहिए, दो दिन बल्लेबाजी के लिए अच्छी होनी चाहिए, तीसरे और चौथे दिन टर्न लेना चाहिए।’