VIDEO: कोहली-गंभीर ड्रेसिंग रूम में एक साथ मना रहे थे खुशी, अगले ही गेंद पर लटक गया दोनों का चेहरा
भारत और श्रीलंका के बीच पहला वनडे मैच टाई हुआ।
अद्यतन - अगस्त 3, 2024 3:21 अपराह्न

भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला कल (2 अगस्त) कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। यह मैच अंत में टाई पर समाप्त हुआ। मुकाबले के दौरान कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले। कभी ये मैच श्रीलंका के पक्ष में जाता हुआ दिखा, तो कभी भारत इस मुकाबले में हावी रहा। लेकिन अंत में ये मुकाबला टाई पर खत्म हुआ, जिसकी शायद किसी ने उम्मीद नहीं की थी।
पहले वनडे में भारतीय टीम के खिलाफ 231 रनों को डिफेंड करना श्रीलंका के लिए आसान नहीं था। आधे मुकाबले तक ऐसा ही नजर देखने को मिला, लेकिन श्रीलंका ने शानदार वापसी की और मैच टाई करा लिया। टीम इंडिया भी इस बात से जरूर मायूस हुई की श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में 1-0 की बढ़त नहीं ले पाई। अर्शदीप सिंह जब आखिरी बल्लेबाज के रूप में उतरे थे, तब भारत को 14 गेंद में 1 रन चाहिए थे। अर्शदीप ने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की और LBW हो गए।
विराट कोहली और गौतम गंभीर हुए मायूस
रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने भारत को इस मैच में शानदार शुरुआत दी। लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद मिडिल ऑर्डर एकदम से लड़खड़ा गया। इसके बाद, केएल राहुल, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने निचले क्रम में उपयोगी पारियां खेलीं। शिवम भारत को जीत की दहलीज तक ले गए थे। उन्होंने जब चौका लगाकर स्कोर को बराबर कर दिया, तो ड्रेसिंग रूम में बैठे विराट कोहली और गौतम गंभीर खुशी मनाने लगे थे।
— The Game Changer (@TheGame_26) August 3, 2024
दोनों के चेहरे पर हंसी थी, लेकिन अगले ही पल यह हंसी मायूसी में बदल गई। दोनों को शायद ये नहीं पता था कि आगे क्या होने वाला है। अगली गेंद पर शिवम आउट हो गए और इसके बाद आखिरी बल्लेबाज के रूप में अर्शदीप आए। उन्होंने आते ही पहली गेंद पर बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया और गेंद सीधे पैड पर जा लगी। फिर क्या था अंपायर ने उंगली उठा दी। इस दौरान कई फैंस ने तो यह भी कहा कि अर्शदीप सिंह धोनी की तरह विनिंग छक्का लगाकर हीरो बनने चले थे। लेकिन, वह हीरो की जगह जीरो जरूर बन गए।