हैदराबाद के सरकारी स्कूल में बच्चों के साथ पैट कमिंस ने खेला क्रिकेट, सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही वीडियो
पैट कमिंस की बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने की वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है और तमाम लोग इस शानदार खिलाड़ी की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।
अद्यतन - May 17, 2024 7:18 pm

ऑस्ट्रेलिया और इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस को हैदराबाद के एक सरकारी स्कूल के बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते हुए देखा गया। पैट कमिंस की बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने की वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है और तमाम लोग इस शानदार खिलाड़ी की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।
बता दें, पैट कमिंस इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी कर रही हैं। उनकी कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने अभी तक काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और टीम ने इस सीजन के प्लेऑफ में भी अपनी जगह बना ली है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में देखा जा सकता है कि पैट कमिंस हैदराबाद के जिला परिषद सरकारी स्कूल में बच्चों से मिलने आए हुए हैं। स्कूल के सभी बच्चे पैट कमिंस को देखकर काफी उत्साहित थे। पैट कमिंस ने स्कूल के बच्चों के साथ क्रिकेट भी खेला।
यह रही वीडियो:
सनराइजर्स हैदराबाद ने अभी तक इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में 13 मैच खेले हैं जिसमें से 7 में उन्होंने जीत दर्ज की है जबकि 5 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। सनराइजर्स हैदराबाद के 15 अंक हैं और टीम इंडियन प्रीमियर लीग 2024 की अंक तालिका में तीसरे पायदान पर है। बता दें, सनराइजर्स हैदराबाद में आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में क्वालीफाई कर लिया है।
टीम को अभी अपना अंतिम लीग मैच खेलना है। यह मैच उन्हें 19 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलना है। हैदराबाद के ऐसे कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने इस सीजन में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। पैट कमिंस का भी प्रदर्शन आईपीएल 2024 में काफी अच्छा रहा है। बता दें, पैट कमिंस ने आईपीएल 2024 में अभी तक 12 मैच में 14 विकेट झटके हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद का पिछला मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ बारिश की वजह से रद्द हो गया था और इसकी वजह से दोनों ही टीमों को एक-एक अंक मिला। हालांकि पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे और जीत के साथ ग्रुप स्टेज को समाप्त करना चाहेंगे। सनराइजर्स हैदराबाद के सभी खिलाड़ी इस समय काफी अच्छे फॉर्म में है और टीम इस सीजन की ट्रॉफी को भी अपने नाम जरुर करना चाहेगी।